गोविंदगढ़ में ब्लॉक स्तरीय निष्पादन समिति की बैठक आयोजित: शत-प्रतिशत पौधरोपण, जियो-टैगिंग और जर्जर भवनों में सुरक्षा के सख्त निर्देश
गोविंदगढ़ (अलवर) राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोलिया में बुधवार को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) विश्वजीत की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय निष्पादन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में ब्लॉक के समस्त पीईईओ, यूसीईईओ और प्राचार्यों ने भाग लिया, जहां शैक्षणिक गुणवत्ता, डिजिटल उपस्थिति और प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
- आदर्श आचार संहिता का हो पालन, स्वीप गतिविधियों में बढ़े भागीदारी
बैठक को संबोधित करते हुए सीबीईओ विश्वजीत ने आगामी 11 सितंबर को गोविंदगढ़ और बड़ौदामेव नगर पालिकाओं में होने वाले निकाय चुनावों के दृष्टिगत सभी संस्थाप्रधानों को आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाता जागरूकता (स्वीप) गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
- हरित स्कूल अभियान और जर्जर भवनों की सुरक्षा
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए सीबीईओ ने 'हरित स्कूल अभियान' के तहत सभी स्कूलों में शत-प्रतिशत पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की अनिवार्य रूप से जियो-टैगिंग कराने के निर्देश दिए। जर्जर स्कूल भवनों पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा से कोई समझौता न हो; आवश्यकता पड़ने पर तुरंत वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था की जाए और परिसर से अनुपयोगी सामान हटाया जाए।
- डिजिटल कार्य और विभागीय योजनाओं पर जोर
एसीबीईओ बुद्धराम ने बताया कि बैठक में सुबह 8:30 बजे तक विद्यार्थियों व स्टाफ की 100% ऑनलाइन उपस्थिति, शिक्षक ऐप के उपयोग, शाला दर्पण फीडिंग, एफएलएन, ओआरएफ, जनाधार अपडेशन और ज्ञान संकल्प पोर्टल की समीक्षा की गई। इसके अलावा लाडो प्रोत्साहन, मिशन स्टार्ट, इंस्पायर अवॉर्ड, पिंक-ब्लू टैबलेट, सेनेटरी नैपकिन वितरण और खेलकूद तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
आयोजन में मेजबान स्कूल के प्रधानाचार्य अशोक अवस्थी, सुरेश धानिया, राकेश उज्ज्वल, मनोज कुमार, उपमा गोयल, रजनी सामरिया, रेणु भारद्वाज, करण सिंह, दशरथ सिंह, सीबीईओ कार्यालय से AAO दीपक कुमार सैन, आरपी मनोज गुर्जर, जगदीश गुप्ता व एमआईएस एमडीएम योगेंद्र द्विवेदी सहित कई अधिकारी एवं पीईईओ उपस्थित रहे।

