14 मार्च को बुकिंग कराई, अभी तक नहीं मिला सिलेंडर: चूल्हे पर बना रहे खाना, अलवर में गैस एजेंसी के बाहर कस्टमर की लगी लाइन
अलवर शहर में स्कीम 10 में एचपी गैस एजेंसी के बाहर शनिवार सुबह ग्राहकों की लंबी लाइन लग गई। एक लाइन में सिलेंडर तो दूसरी में आमजन दिखे। यहां आए एक उपभोक्ता ने कहा कि 14 मार्च केा सिलेंडर बुक किया था। लेकिन नहीं मिला। अब मजबूरी में गांव से अलवर आना पड़ा। दूसरे उपभोक्ता ने कहा कि पहले गांव में सिलेंडर पहुंच जाता था। लेकिन अब नहीं आ रहा है। इस कारण आना पड़ा है।
स्कीम दस में एचपी गैस एजेंसी के बाहर खड़े उपभोक्ता रविंद्र ने बताया कि वह चिकानी के पास पीलवा से आया है। उसने 14 मार्च को सिलेंडर बुक कराया था। लेकिन अब तक नहीं आया है। अब गांव में लकड़ी वाले चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं। यहां आने पर लाइन में लगा दिया। अब देखना है नंबर आता है या नहीं।
- एजेंसी कर्मचारी बोले-आपूर्ति पर्याप्त
वहीं, डहरा के पास नंगली गांव से किसान वीर सिंह ने बताया कि पहले सिलेंडर गांव में पहुंच जाता था। लेकिन अब नहीं आ रहा है। जिसके कारण अलवर शहर में आना पड़ा है। वहीं एजेंसी के कर्मचारी का कहना है कि यह रुटीन का काम है। गैस की आपूर्ति पर्याप्त है। कुछ गांवों के उपभोक्ता अलवर आए हैं।
- अन्य जगहों पर कम भीड़
अलवर शहर में अब पहले की तुलना में गैस की किल्लत कम हुई है। शुरूआत के दिनों में काफी लंबी लाइन होती थी। लेकिन अब कुछेक जगहों पर भी अधिक लंबी लाइन दिखती है। गैस की सप्लाई अब धीरे धीरे सुचारु होना शुरू हो गई है। हालांकि अभी गांवों के उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है।