कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं व प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली ने किया जनसभा को संबोधित कांग्रेस के पक्ष में मांगे वोट
रामगढ़ के बगड़ तिराहे पर कांग्रेस की विशाल आमसभा आयोजित, दिग्गज नेताओं ने की कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील
रामगढ़ (अलवर / अमित भारद्वाज) अलवर-दिल्ली मार्ग स्थित बगड़ तिराहे पर पंचायती राज चुनावों के तहत कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में एक विशाल आमसभा का आयोजन किया गया। आमसभा को पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस नेता वैभव गहलोत सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया और क्षेत्र की जनता से कांग्रेस के हाथ के निशान पर बटन दबाकर प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।
जनसभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने राज्य की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला। पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि गाँव-ढाणियों में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और झूठे वादों को लेकर जनता में गहरा आक्रोश है। गरीब, मजदूर, किसान, युवा और महिला वर्ग इस चुनाव में वोट की चोट से सरकार को करारा जवाब देने के लिए तैयार बैठा है।
- सरकार की नाकामियों से जनता परेशान
सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने गरीबों की पेंशन बंद कर दी है और मनरेगा में काम मिलना बंद हो गया है। किसान खाद, बिजली और पानी के संकट से जूझ रहे हैं, वहीं युवाओं को रोजगार के नाम पर केवल धोखा मिला है। सरकार के खोखले विकास दावों और झूठे सुशासन की हकीकत अब जनता के सामने आ चुकी है। नेताओं ने दावा किया कि पंचायती राज चुनावों में भाजपा का सूपड़ा साफ होना तय है।
इस विशाल जनसभा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत, पूर्व प्रत्याशी आर्यन जुबेर खान, नसरू खान, स्थानीय पंचायत समिति प्रधान सहित बड़ी संख्या में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य और सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

