नवरात्र का श्रद्धापूर्वक समापन: श्रद्धालुओं ने माता की ज्योत के साथ कन्याओं को कराया भोजन, लिया आशीर्वाद
राजगढ़, (अलवर /अनिल कुमार गुप्ता) कस्बे सहित आसपास के समूचे ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में सोमवार को पावन नवरात्र पर्व का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर नवरात्र का व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और माता की ज्योत जलाकर भोग लगाया।
पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों व पूजा स्थलों पर नवदुर्गा स्वरूपा कन्याओं तथा लांगुरिया (छोटे बालकों) को आदर-सत्कार के साथ भोजन कराया। श्रद्धालुओं ने भोजन के पश्चात कन्याओं को उपहार, फल, मिष्ठान व नकदी (दक्षिणा) भेंट कर उनके चरण स्पर्श किए और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।
नवरात्र के अंतिम दिन क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला। सुबह से लेकर दोपहर तक छोटी-छोटी कन्याएं भक्तिभाव के माहौल में भोजन (जिमने) करने के लिए एक घर से दूसरे घर जाती दिखाई दीं। हर तरफ 'जय माता दी' के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं में पुण्य कमाने की होड़ लगी रही।

