खैरथल-तिजारा पुलिस ने पुलिस शहीद दिवस पर वीर शहीदों को नमन कर शहीद वीरांगनाओं का किया सम्मान
खैरथल (हीरालाल भूरानी) रिजर्व पुलिस लाइन खैरथल-तिजारा में बुधवार को पुलिस शहीद दिवस समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा एवं कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (RPS) किशोर कुमार बुटोलिया, किशनगढ़ बास वृत्ताधिकारी (RPS) लालसिंह यादव, एससी/एसटी सेल वृत्ताधिकारी (RPS) रामनिवास मीणा, साइबर पुलिस थाना खैरथल की (RPS) इंद्रा सहित खैरथल, किशनगढ़ बास, कोटकासिम, मुंडावर व महिला थाने के थानाधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शहीद वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने वीरांगनाओं से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
समारोह के समापन पर शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण किया गया। अधिकारियों ने कहा कि शहीदों का अदम्य साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा पूरे पुलिस बल के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

