9वाँ प्रदेशस्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह 23 अगस्त को झज्जर में होगा आयोजित - डॉ इंदु बंसल जैन
चंडीगढ़ /झज्जर, (विष्णु मित्तल) श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा का 9वाँ प्रदेशस्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह आगामी रविवार 23 अगस्त को झज्जर जिले में आयोजित किया जाएगा जिस की आयोजक श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की झज्जर जिला इकाई होगी व संयोजक झज्जर जिला अध्यक्ष ललित गोठवाल होंगे।
उपरोक्त सम्मान समारोह के विषय में श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की संस्थापक व प्रदेश अध्यक्ष डॉ इंदु बंसल जैन ने बताया कि इस प्रदेशस्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह में प्रदेशभर से भारी संख्या में श्रमजीवी पत्रकार सहभागिता देंगे। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए श्रमजीवी पत्रकारों को संघ द्वारा पटका,फूल माला, प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो दे कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सभी श्रमजीवी पत्रकारों को विशेष उपहार भी वितरित किए जाएंगे।
संघ की संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने बताया गत 10 से 13 जुलाई को हरिद्वार में आयोजित हुआ प्रदेशस्तरीय पत्रकार सम्मेलन काफी सफल रहा हरियाणा प्रदेश से लगभग 250 पत्रकारों ने अपनी सहभागिता दी। इस पत्रकार सम्मेलन के सफल आयोजन की चर्चा पूरे हरियाणा प्रदेश में है।
इसी तरह श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा के आगामी पत्रकार सम्मान समारोह भी हरियाणा के विभिन्न जिलों में क्रमशः अगस्त में झज्जर,सितंबर में गुरुग्राम,अक्टूबर में हांसी व पलवल,नवंबर में फतेहाबाद एवं दिसंबर में रेवाड़ी जिले में आयोजित किये जायेंगे। इन सम्मेलन में पत्रकार सुरक्षा कानून, पत्रकार सम्मान निधि, पत्रकारों के सामाजिक एवं व्यावसायिक विकास, संगठन का विस्तार तथा बदलते मीडिया परिदृश्य में पत्रकारों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, एकता और अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए विशेष सत्र भी आयोजित होंगे। सम्मेलन में सभी जिलों की इकाइयों के पदाधिकारी एवं श्रमजीवी पत्रकार अपने सुझाव रखेंगे, ताकि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जा सके। कार्यक्रम में उत्कृष्ट पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किए जाने के साथ-साथ वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभवों से युवा पत्रकारों को मार्गदर्शन भी मिलेगा।


