तखतगढ़ में स्कूली बच्चों ने उकेरा 'सपनों का घर', निबंध व चित्रकला में दिखाया हुनर
PMAY (शहरी) के तहत स्वतंत्रता दिवस पखवाड़े पर होली क्रॉस स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम व प्रतियोगिताएँ आयोजित
तखतगढ़ (पाली/ बरकत खान) स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर के शासन सचिव रवि जैन (IAS) के आदेशानुसार एवं नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी महेन्द्र बंजारा के निर्देश पर सोमवार को तखतगढ़ पालिका क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में संचालित गतिविधियों की कड़ी में स्थानीय होली क्रॉस विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें 116 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी महेन्द्र बंजारा, सहायक प्रशासनिक अधिकारी रतनलाल सांखला तथा विद्यालय संचालक जितेन्द्र पुरी के आतिथ्य में हुआ।
स्वतंत्रता दिवस पखवाड़े के तहत विद्यार्थियों के लिए तीन प्रमुख प्रतियोगिताएँ रखी गईं:
- निबंध लेखन: विद्यार्थियों ने ‘प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)’, ‘मेरा सपना घर हो अपना’ और ‘प्लास्टिक: अभिशाप या वरदान’ जैसे समसामयिक विषयों पर अपने विचार लिखे।
- चित्रकला (पेंटिंग): नन्हे-मुन्नों ने ‘मेरा प्यारा घर’, ‘जल ही जीवन है’ तथा ‘हरी-भरी धरती’ विषय पर रंग-बिरंगे कैनवास के जरिए पर्यावरण संरक्षण व आवास का संदेश दिया।
- प्रश्नोत्तरी (Quiz): PMAY योजना से संबंधित सवाल-जवाब के जरिए विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान को परखा गया।
समारोह के दौरान पालिका के PMAY प्रभारी आकाश कुमार एवं सह-प्रभारी सुरेश कुमार ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के उद्देश्य, पात्रता और आमजन को मिलने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी, ताकि छात्र अपने आसपास के पात्र लोगों को जागरूक कर सकें। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक भीमाराम, गोस्वामी बबीता एवं पालिका के सहायक कर्मचारी रामचन्द्र रावल सहित स्कूल का समस्त स्टाफ व छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


