जोधपुर देहात कांग्रेस कमेटी की पहली बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन
बावड़ी (जोधपुर/निसार गौरी) जोधपुर देहात कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की प्रथम बैठक गांधी शांति प्रतिष्ठान भवन में भव्य रूप से आयोजित की गई। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त जिला प्रभारी विक्रमसिंह शेखावत के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस बैठक में संगठन की भावी कार्ययोजना और मजबूती पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की शुरुआत में जिला देहात कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं भोपालगढ़ विधायक गीता बरवड ने अपनी नवगठित कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारियों का परिचय कराया। इस दौरान मुख्य अतिथि शेखावत ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
- जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी विक्रमसिंह शेखावत और जिलाध्यक्ष गीता बरवड ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा। बैठक के मुख्य रूप से ग्रामीण स्तर तक संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही आम जनता से जुड़ी समस्याओं और जनहित के मुद्दों को सड़कों से लेकर विधानसभा तक प्रभावी ढंग से उठाने पर सहमति बनी। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं पार्टी गतिविधियों को लेकर विस्तृत खाका तैयार किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर संगठन महासचिव राकेश चौधरी, जिला प्रवक्ता कुशाल गहलोत, कोषाध्यक्ष प्रमिला चौधरी, सोशल मीडिया प्रभारी दिव्या कुरडिया सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक, सांसद, विधायक प्रत्याशी, पीसीसी सदस्य एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


