बावड़ी के वन स्टॉप सखी सेंटर का औचक निरीक्षण: एडीजे डॉ. मनीष हरजाई ने परखी व्यवस्थाएं, दिए सख्त निर्देश
बावड़ी (जोधपुर) मिश्रीलाल लखारा
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा), जयपुर के दिशा-निर्देशों के तहत मंगलवार को बावड़ी स्थित वन स्टॉप सखी सेंटर पर प्रशासनिक टीम की अचानक धमक देखने को मिली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर जिला के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश (ADJ) डॉ. मनीष हरजाई ने निर्भया योजना के अधीन संचालित इस सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया।
व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का बारीकी से लिया जायजा निरीक्षण के दौरान डॉ. मनीष हरजाई ने केंद्र की इमारतों, कमरों और परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का गहराई से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद केंद्र प्रबंधक और कर्मचारियों से सेंटर के संचालन, पीड़ित महिलाओं को दी जा रही प्राथमिक सहायता, काउंसलिंग और अन्य सुविधाओं की प्रगति रिपोर्ट तलब की।
बेहतर सेवाओं के लिए दिए सख्त दिशा-निर्देश न्यायाधीश हरजाई ने केंद्र की व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित और सहज बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सखी सेंटर संकटग्रस्त महिलाओं को एक ही छत के नीचे त्वरित सहायता और आश्रय देने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसलिए यहाँ आने वाली पीड़ित महिलाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिलना बेहद जरूरी है।
संवेदनशील प्रबंधन पर जोर उन्होंने कार्मिकों को सख्त हिदायत दी कि केंद्र में स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी उपलब्ध सुविधाओं को दुरुस्त रखने और आने वाली महिलाओं की मदद में संवेदनशीलता बरतने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए।

