पंचायती राज चुनावों के ठीक बीच गोविंदगढ़-बड़ौदामेव में कांग्रेस को झटका: ब्लॉक अध्यक्ष रामहेत जाटव ने दिया इस्तीफा
गोविंदगढ़-बड़ौदामेव (अलवर) पंचायती राज चुनावों के बीच गोविंदगढ़-बड़ौदामेव ब्लॉक कांग्रेस पार्टी में उस समय राजनीतिक भूचाल आ गया, जब ब्लॉक अध्यक्ष रामहेत जाटव ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अचानक सामने आए इस घटनाक्रम के बाद से स्थानीय राजनीतिक गलियारों और पार्टी संगठन में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
बताया जा रहा है कि ब्लॉक अध्यक्ष रामहेत जाटव ने अपने पद से हटने का कारण निजी और पारिवारिक कारणों को बताया है। हालांकि, ऐन चुनावों के वक्त आए इस इस्तीफे को लेकर कई तरह के कयास भी लगाए जा रहे हैं।
- चल रहे हैं महत्वपूर्ण चुनाव, संगठन में असमंजस
वर्तमान में गोविंदगढ़-बड़ौदामेव क्षेत्र में जिला परिषद की वार्ड संख्या 32, 33 और 34 पर चुनाव हो रहे हैं, वहीं पंचायत समिति की 15 सीटों में से कांग्रेस के 14 प्रत्याशी मैदान में उतरकर अपना भाग्य आजमा रहे हैं। चुनाव प्रचार और प्रबंधन के इस अहम दौर में ब्लॉक अध्यक्ष के पद छोड़ने से कार्यकर्ताओं और समर्थकों में असमंजस की स्थिति बन गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस इस्तीफे के पीछे संगठन के भीतर का अंदरूनी असंतोष या खींचतान भी एक वजह हो सकती है, हालांकि अभी तक इस संबंध में किसी भी स्तर पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
- नेतृत्व की प्रतिक्रिया का इंतजार
इस्तीफे की इस घटना के बाद से पार्टी के उच्च नेतृत्व ने अभी तक इस मामले पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता इस डैमेज कंट्रोल में जुटे हैं कि चुनाव के समय संगठन की कार्यप्रणाली पर इसका असर न पड़े।

