सुमेरपुर: प्रजापत समाज ने किया बीजेपी का बहिष्कार करने का ऐलान, कांग्रेस प्रत्याशी को दिया समर्थन
50 गाँवों के समाज बंधुओं ने धणा में बुलाई बैठक; 50 वर्षों से समर्थन के बावजूद उपेक्षा का लगाया आरोप
तखतगढ़ / चाणोद (बरकत खां): श्री चामुंडा माताजी मंदिर, धणा के प्रांगण में प्रजापति (कुम्हार) समाज के चाणोद और भीमरा परगना के अंतर्गत आने वाले करीब 50 गाँवों के समाज बंधुओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। 'श्री प्रजापति समाज सुमेरपुर विधानसभा चेतना मंच' के बैनर तले आयोजित इस बैठक में समाज में राजनीतिक चेतना, जागृति और आगामी चुनावों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और उसके प्रत्याशियों का आगामी चुनावों में पूर्ण रूप से बहिष्कार करने का बड़ा ऐलान किया गया।
- 50 वर्षों से समर्थन के बाद भी नहीं मिली तवज्जो
संस्था संयोजक एडवोकेट नारायण प्रजापत (चाणोद) ने बताया कि प्रजापत समाज पिछले 50 वर्षों से लगातार भारतीय जनता पार्टी को अपना समर्थन देता आ रहा है और हर चुनाव में एकतरफा वोट करता है। इसके बावजूद, इतनी बड़ी आबादी और मतदाता संख्या होने के बाद भी बीजेपी ने आज तक समाज के किसी भी व्यक्ति को चुनाव के लिए टिकट नहीं दिया और न ही पार्टी की जिला या प्रदेश कार्यकारिणी में कोई बड़ा पद दिया। इस उपेक्षा से समाज में भारी रोष व्याप्त है।
- कांग्रेस उम्मीदवार करणसिंह मेड़तिया का किया स्वागत
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ व प्रबुद्ध जनों ने फैसला लिया कि आगामी चुनावों में बीजेपी का सहयोग न कर समाज अपने वजूद और अस्तित्व का अहसास कराएगा। इसी कड़ी में बहिष्कार की शुरुआत करते हुए समाज ने वार्ड नंबर 7 से जिला परिषद के कांग्रेस उम्मीदवार करणसिंह मेड़तिया का साफा व माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
- बैठक में यह वरिष्ठ जन रहे उपस्थित
बैठक में चाणोद परगना अध्यक्ष पीराराम, भीमरा परगना अध्यक्ष खंगाराराम, समाजसेवी प्रभुराम वालराई, गणेशमल सुमेरपुर सहित बड़ी संख्या में समाज के पंच-पटेल और युवा मौजूद रहे। वक्ताओं ने अपने ओजस्वी भाषण से समाज को एकजुट कर राजनीति में आगे लाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

