चौरीचौरा: श्रीराम पार्टी लॉन में सजा डांडिया और गरबा का भव्य दरबार, उमड़ी भारी भीड़
चौरीचौरा (शशि जायसवाल) विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत डुमरी खुर्द स्थित श्रीराम पार्टी लॉन में 'ज्योति साइन सैलून एंड एकेडमी' के तत्वावधान में भव्य गरबा एवं डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम में समाजसेवी पंडित एस.के. शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पंडित एस.के. शर्मा ने कहा कि गरबा और डांडिया जैसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध भारतीय परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देते हैं। ऐसे आयोजन हमारी गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक अत्यंत सराहनीय माध्यम हैं।
कार्यक्रम में उमड़ी अपार भीड़ को देखते हुए उन्होंने आयोजक ज्योति जायसवाल को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि वे इसी तरह निरंतर आगे बढ़ते हुए समाज की महिलाओं के लिए प्रेरणा, शक्ति और विश्वास का स्रोत बनी रहें।
- सहयोगियों का आभार और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम की आयोजक ज्योति जायसवाल ने डांडिया कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिष्ठानों—डी.के. ई विल्स, नव दुर्गा वस्त्रालय, गोविंद इलेक्ट्रॉनिक, एडी फिटनेस, रॉयल मेंस वियर, एनसीसी कंप्यूटर और विकास इलेक्ट्रॉनिक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन लगातार जारी रहेंगे। उल्लेखनीय है कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा भी ज्योति जायसवाल को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जा चुका है। इस भव्य आयोजन के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सन्नी जायसवाल, पूर्व चेयरमैन सुनीता गुप्ता, ज्योति प्रकाश गुप्ता सहित चौरीचौरा थाने का पुलिस जाब्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व महिलाएँ उपस्थित रहीं।

