गौशाला के लिए एक बीघा जमीन दान, जोहड़ वाले हनुमान मंदिर में 21 हजार रुपये किए भेंट
मनीषा सरजीत जाट की धार्मिक एवं सामाजिक पहल, पिता स्व. राजा राम जाट भी सरकारी स्कूल के लिए दान कर चुके हैं एक बीघा जमीन
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/ कमलेश जैन) नारनौल खुर्द ग्राम पंचायत से सरपंच पद की उम्मीदवार मनीषा सरजीत जाट ने सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए अपनी खातेदारी जमीन में से एक बीघा भूमि गौशाला के लिए दान की है। इसके साथ ही बसेड़ी स्थित जोहड़ वाले हनुमान मंदिर में आयोजित भागवत कथा के दौरान उन्होंने मंदिर में 21 हजार रुपये की राशि भी दान की।
मनीषा सरजीत जाट की इस पहल को क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक सहयोग से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, उनके परिवार का भी शिक्षा एवं जनहित के कार्यों में योगदान रहा है। उनके पिता स्वर्गीय राजा राम जाट पूर्व में बसेड़ी स्थित सरकारी विद्यालय के लिए एक बीघा जमीन दान कर चुके हैं।
इधर, नारनौल खुर्द ग्राम पंचायत में सरपंच पद की प्रत्याशी मनीषा सरजीत जाट के समर्थन में चुनावी माहौल जोर पकड़ता नजर आ रहा है। नारनौल खुर्द और बसेड़ी सहित पंचायत क्षेत्र में उनके समर्थक लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। समर्थकों का दावा है कि विभिन्न गांवों से मिल रहे सहयोग के चलते उनकी उम्मीदवारी को लेकर उत्साह बढ़ रहा है।
समर्थकों के अनुसार, सामाजिक कार्यों में भागीदारी, विकास को प्राथमिकता और सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की भावना उनकी उम्मीदवारी के प्रमुख पक्ष हैं। पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। हालांकि, चुनाव में किस प्रत्याशी को मतदाताओं का समर्थन मिलेगा, इसका फैसला मतदान के बाद ही स्पष्ट होगा।

