चौरी-चौरा में मां दुर्गा का अद्भुत स्वरूप बना आकर्षण, 108 मुख वाली प्रतिमा के दर्शन को उमड़ रहे श्रद्धालु
गोरखपुर (शशि जायसवाल) नगर पंचायत चौरी-चौरा के मुंडेरा बाजार में मां दुर्गा की एक अनूठी प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वार्ड नंबर 14 स्थित दिव्य नगर में दानी भवानी पोखरा रोड पर काली मंदिर के समीप श्रद्धा ग्रुप की ओर से स्थापित 108 मुख वाली मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ जुट रही है। माता के इस अनोखे स्वरूप को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों के साथ दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
मां दुर्गा की 108 मुखों वाली विशाल प्रतिमा अपनी विशिष्ट बनावट और भव्यता के कारण लोगों का ध्यान खींच रही है। प्रतिमा के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस तरह की प्रतिमा पूरे पूर्वांचल में अन्यत्र देखने को नहीं मिलती। यही वजह है कि यह प्रतिमा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
महीनों की मेहनत से साकार हुआ माता का स्वरूप
पूजा समिति से जुड़े पप्पू जायसवाल, आनंद वर्मा (नंद जी), भाजपा मंडल महामंत्री संजय वर्मा, सुनील वर्मा, हर्ष जायसवाल, गया जायसवाल और कल्याण जायसवाल ने बताया कि मां दुर्गा की इस विशेष प्रतिमा को तैयार करने में कारीगरों ने महीनों तक मेहनत की है। उनकी बारीक कारीगरी और कलात्मक कौशल से माता का यह भव्य स्वरूप तैयार हुआ है।
प्रतिमा की अनूठी संरचना और आकर्षक शिल्पकला श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच रही है। मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नवरात्रि के अवसर पर स्थापित यह प्रतिमा क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बनी हुई।

