जाखली के महात्मा गांधी विद्यालय में स्वीप कार्यक्रम का आयोजन: रैली निकाल दिया मतदान का संदेश, 90 विद्यार्थियों ने भरे संकल्प पत्र
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। निर्वाचन शाखा पंचायत समिति मकराना और ब्लॉक स्वीप टीम के तत्वावधान में बुधवार को महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जाखली में मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। निर्वाचन शाखा प्रभारी राम अवतार बंजारा एवं ब्लॉक स्वीप टीम के प्रभारी व संदर्भ व्यक्ति गोपाल चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों और युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा गांव के प्रमुख मार्गों पर मतदाता जागरूकता रैली निकालकर की गई, जिसमें नारों और तख्तियों के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के महत्व का संदेश दिया गया। इसके बाद विद्यालय प्रांगण में नव मतदाताओं का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान कक्षा 9 से 12 तक के 90 छात्र-छात्राओं ने संकल्प पत्र भरे और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने की शपथ ली। समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार गौड़ ने गांव की सरकार के गठन और लोकतंत्र में मत के अमूल्य अधिकार पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मत की कोई कीमत नहीं हो सकती, यह प्रत्येक नागरिक की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवारजनों और पड़ोसियों को मतदान के दिन मतदान केंद्र तक ले जाएं तथा स्वयं भी निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव के लिए स्वयंसेवी (वॉलिंटियर) के रूप में अपनी भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में जाने-माने कलाकार मुरली मनोहर मेघ ने मतदाता जागरूकता गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया। इस अवसर पर ईएलसी प्रभारी संजू देवी, उप प्रधानाचार्य रतन सिंह राजपुरोहित, दानाराम, व्याख्याता रिद्धकरण मीणा, बजरंग दान, सुश्री आमना, वरिष्ठ अध्यापक मोहसिन खान, अध्यापक चैन सिंह राजपुरोहित, दोलाराम गोदारा, रामनिवास लेगा, मोनू कुमारी, नरवीर चौधरी, प्रियंका शर्मा, कुलदीप चौधरी, कविता चौधरी, अंजू देवी, गोपी राम, दिलशाद अहमद, प्रकाश राम, परमेश्वर, सुरेश कुमार, लालाराम राव, बलवीर सिंह, विकास गोदारा एवं विजयलक्ष्मी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

