जलझूलनी एकादशी पर निकली भगवान चारभुजा नाथ की रजत रेवाड़ी
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। मंगलवार को जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर शहर में भगवान श्री चारभुजा नाथ की रजत रेवाड़ी श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली गई। चांदी से निर्मित रजत रेवाड़ी में भगवान श्री चारभुजा नाथ विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु रेवाड़ी के साथ रहे। रेवाड़ी के दौरान पूरा मार्ग भगवान चारभुजा नाथ के जयकारों से गूंजता रहा और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
रजत रेवाड़ी दोपहर करीब सवा 3 बजे चारभुजा चौक स्थित निज मंदिर से रवाना हुई। यहां से रेवाड़ी विजय पैलेस, सदर बाजार, मेवलिया बड़ होते हुए भाकरो की ढाणी पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान चारभुजा नाथ के दर्शन किए तथा रजत रेवाड़ी पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया। भाकरो की ढाणी पहुंचने के बाद शाम करीब सवा 6 बजे भगवान श्री चारभुजा नाथ की आरती की गई। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। आरती के बाद रजत रेवाड़ी पुनः रवाना हुई और निर्धारित मार्ग से होते हुए अपने निज स्थान चारभुजा चौक पहुंची।
जलझूलनी एकादशी के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए और शहर में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

