मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिला सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता, भरतपुर में महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम; 100 नवीन कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स का शुभारंभ
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान में महिला सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब से 100 नवीन 'कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स' का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने महिला यूथ सीएलजी (CLG) सदस्यों के साथ ऑनलाइन संवाद भी किया।
इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में भरतपुर जिला पुलिस की ओर से जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना, आईपीएस के नेतृत्व में तमाम पुलिस अधिकारियों, महिला यूथ सीएलजी सदस्यों और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने जिला कलेक्ट्रेट सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से सहभागिता की।
- हर बेटी को भयमुक्त और सुरक्षित माहौल देना संकल्प: सीएम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रदेश की प्रत्येक बेटी को सुरक्षित, भयमुक्त और गरिमामय वातावरण उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया।
प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि इन 100 नवीन कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स के उतरने से प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक बल मिलेगा तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। राजस्थान पुलिस ने भी महिला सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए बालिकाओं के लिए पूरी तरह सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया है।

