सदर बाजार में स्कूटी पर चार नाबालिगों ने उड़ाई नियमों की धज्जियां, समझाईश करने पर पत्रकार से की बदसलूकी

Oct 19, 2026 - 17:21
 0
सदर बाजार में स्कूटी पर चार नाबालिगों ने उड़ाई नियमों की धज्जियां, समझाईश करने पर पत्रकार से की बदसलूकी

​मकराना (मोहम्मद शहजाद)। शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक इलाके सदर बाजार में यातायात नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। चारभुजा मंदिर मार्ग से सदर बाजार की ओर एक ही दुपहिया स्कूटी (पंजीयन संख्या: RJ 37 SU 0752) पर चार नाबालिग लड़के अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से वाहन दौड़ाते नजर आए। संकरे और भीड़भाड़ वाले बाजार में नाबालिगों की यह अनियंत्रित रफ्तार किसी भी समय गंभीर सड़क हादसे का कारण बन सकती है। मौके पर मौजूद पत्रकार मोहम्मद शहजाद ने इन नाबालिगों को इस खतरनाक ड्राइविंग के लिए टोका और समझाया, तो वे अपनी गलती मानने के बजाय उल्टा तैश में आ गए। नाबालिगों ने ढिठाई दिखाते हुए कहा कि "हम तो ऐसे ही चलाते हैं।" हालांकि, जब उन्होंने देखा कि उनकी इस हरकत को कैमरे में कैद किया जा रहा है, तो वे घबराकर स्कूटी से उतरे और मौके से भागने लगे। 
परिजनों की अनदेखी और प्रशासन की चुप्पी
मोटर वाहन अधिनियम के तहत नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित और दंडनीय अपराध है। इसके बावजूद अभिभावक आंख मूंदकर बच्चों के हाथों में दुपहिया वाहन सौंप रहे हैं, जिससे न केवल उनके बच्चों बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों की जान भी जोखिम में पड़ रही है। वहीं शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात पुलिस और प्रशासन की सुस्त कार्यप्रणाली से इन चालकों के हौसले बुलंद हैं।
व्यापारियों और राहगीरों में भय, सख्त कार्रवाई की मांग
सदर बाजार के व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि बाजार में दिनभर ग्राहकों की भारी चहल-पहल रहती है। ऐसे में नाबालिगों की तेज रफ्तार ड्राइविंग से हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे नाबालिग वाहन चालकों को चिन्हित कर उनके अभिभावकों पर भारी जुर्माना और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................