कुख्यात इनामी हिस्ट्रीशीटर अपराधी पर 40 हजार रूपये का इनाम घोषित
भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज कैलाश चन्द्र विश्नोई ने आदेश जारी कर कुख्यात इनामी हिस्ट्रीशीटर अपराधी डालचन्द पुत्र निहाल सिंह निवासी बरखेडा साद पुलिस थाना नगर जिला डीग पर 40 हजार रूपये का नकद इनाम घोषित किया है।
उन्होंने बताया कि अपराधी डालचन्द फरार चल रहा है, जो जिला पुलिस के भरसक प्रयासों के बावजूद भी गिरफ्तार नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि अपराधी डालचन्द मुकदमा नम्बर 126/2026 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बी.एन.एस पुलिस थाना नदबई जिला भरतपुर में वांछित चल रहा है अपराधी के विरूद्ध राजस्थान के विभिन्न पुलिस थानों में 15 प्रकरण दर्ज है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान पुलिस नियम 1965 की धारा 4.18 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग कर उक्त हिस्ट्रीशीटर अपराधी को बन्दी बनाने या बन्दी करवाने या बन्दीकरण का विरोध किये जाने पर विधिसंगत आवश्यक शक्ति का प्रयोग कर, बन्दी बनायेगा या बन्दी बनाने के लिये सही सूचना देगा या बन्दी करवायेगा, उसको महानिरीक्षक पुलिस रेंज भरतपुर द्वारा 40 हजार रूपये का नकद पारितोषिक प्रदान किया जावेगा। पारितोषिक वितरण के सम्बन्ध में महानिरीक्षक पुलिस, रेंज, भरतपुर का निर्णय अंतिम होगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उक्त अपराधी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक जिला भरतपुर द्वारा पूर्व में घोषित इनाम राशि को निरस्त किया जाता है।


