तबादलों के विरोध में शिक्षक संघ शेखावत ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत उप शाखा मकराना की ओर से शिक्षकों के तबादलों को लेकर आक्रोश व्यक्त किया गया है। संगठन ने तबादलों के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम सीबीईओ कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी राम अवतार बंजारा को एक ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सरकार की तबादला नीति पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार तबादलों के नाम पर शिक्षकों में भय पैदा कर रही है, जिससे प्रदेश का शैक्षिक ढांचा कमजोर हो रहा है। सत्र के प्रारंभ में जहां एक ओर नामांकन अभियान का महत्वपूर्ण कार्यक्रम चल रहा है, वहीं दूसरी ओर हजारों शिक्षकों को तबादलों के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा है। संगठन का आरोप है कि इन तबादलों में मानवीय संवेदनाओं को पूरी तरह से दरकिनार कर बदले की भावना से काम किया गया है। सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षक, असाध्य रोगों से पीड़ित, विधवा और विकलांग श्रेणी के कार्मिकों को भी दुर्भावनावश दूरस्थ स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। संगठन के अनुसार, इस प्रशासनिक रवैये का स्कूलों के नामांकन पर अत्यंत प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। ऐसी स्थिति में सरकार द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बात करना पूरी तरह बेमानी है।
शिक्षक संघ शेखावत ने पुरजोर मांग की है कि बदले की भावना और मानवीय संवेदनाओं के विपरीत किए गए सभी तबादले तुरंत निरस्त किए जाएं। शिक्षकों के सभी संवर्गों के लिए एक पारदर्शी और स्थाई स्थानांतरण नीति लागू की जाए। यदि सरकार ने इन मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो संगठन पूरे प्रदेश भर में उग्र और पुरजोर विरोध प्रदर्शन करने के लिए विवश होगा। इस मौके पर प्रदेश सदस्य अब्दुल रऊफ, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मगनीराम, मुक्ताराम मामडोली, कैलाश जांगिड़, रतनलाल स्वामी, भंवर सिंह कालवा, दशरथ गौड़, रिजवान अहमद, इम्तियाज अली, गंगाराम, भंवरलाल आसीवाल, शाहनवाज हुसैन, शिवराज मीणा और महावीर सहित भारी संख्या में शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे।


