मानवता को जीवित रखना की थीम पर मनाया रेडक्रास दिवस 2025
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) कृषि महाविद्यालय भुसावर पर गुरूवार को विश्व रेडक्रास दिवस 2025 ’’मानवता को जीवित रखना’’ की थीम पर मनाया गया।
महाविद्यालय के डीन डॉ. उदय भान सिंह ने कहा कि रेडक्रास एक अन्तर्राष्ट्रीय स्वयंसेवी संगठन है, जो युद्ध, आपदा, महामारी और संकट की घड़ी में जरूरतमंदो को चिकित्सा सहायता, भोजन, पानी और अन्य जरूरी सेवाएं उपलब्ध करवाता है। उन्होंने बताया कि यह संगठन न केवल सीमाओं से परे जाकर कार्य करता है, बल्कि यह धर्म, भाषा, जाति और राष्ट्र से ऊपर उठकर सिर्फ इंसानियत की सेवा करता है। उन्होंने बताया कि यह संस्था लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करती है ताकि युद्ध में घायल, बीमार, रक्त के शिकार लोगों को जरूरत के समय सहायता पहुॅचाई जा सके।
मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, सेवा भावना, एकता और सार्वभौमिकता रेडक्रास के मूल सिद्धांत हैं। उन्होंने कहा कि मानव सेवा सर्वोपरि है तथा रक्तदान महानतम दान है। एनएसएस प्रभारी डॉ. मोहित कुमार ने कहा कि रेडक्रास दिवस 2025 की थीम ’’मानवता को जीवित रखना’’ रखी गयी है, मानव होने के नाते हमें मानवीय कार्यो में तत्पर रहना चाहिए। आज भारत सहित सम्पूर्ण विश्व युद्ध एवं प्राकृतिक आपदाओं के दौर से गुजर रहा है और किसी भी आपदा में मानवता ही राहत देती है। इस अवसर पर डॉ. विकास कुमार, भानुप्रिया पंकज, गीता गवारिया सहित समस्त महाविद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन छात्र निशित श्रीवास्तव ने किया तथा डॉ. राहुल कुमार ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

