अलवर नीट छात्रा से गैंगरेप: दस दिन बाद भी आरोपी फरार, एबीवीपी और छात्रों का जोरदार प्रदर्शन

अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर एक बार फिर दरिंदगी की घटना से दहल उठा है। भिवाड़ी निवासी एक नीट छात्रा को 22 अप्रैल 2025को दिनदहाड़े ई-रिक्शा में अगवा कर चार युवकों ने गैंगरेप की शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी पीड़िता को एक अस्पताल के पास छोड़कर फरार हो गए। इस घटना की शिकायत 29 अप्रैल को पीड़िता के पिता ने अलवर के एन ई बी अलवर थाने में दर्ज कराई। जिसमें बताया गया कि आरोपियों ने इस कुकर्म का अश्लील वीडियो भी बनाया।
दस दिन गुजर जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई गिरफ्तारी न होने पर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने निजी कोचिंग संस्थानों के सहयोग से मोती डूंगरी स्थित राजीव गांधी पार्क के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर न्याय की मांग की।
निजी कोचिंग संस्थान संचालक के.पी. यादव ने कहा कि यह घटना केवल कानून-व्यवस्था ही नहीं बल्कि लोकतंत्र की विफलता भी है। उन्होंने लोगों से सड़कों पर आकर आवाज उठाने की अपील की।
वहीं एबीवीपी की गौरी देवी कॉलेज इकाई अध्यक्ष अनुष्का चौधरी ने कहा कि घटना का दर्द पीड़िता ही जान सकती है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो पाई हैं।यहशर्मनाक है।
प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और अलवर विधायक संजय शर्मा पर भी गंभीर आरोप लगाए कि वे केवल दफ्तरों में बैठकर राजनीति कर रहे हैं, जबकि जनता न्याय के लिए सड़कों पर है।
वही आरएसएस संघ प्रचारक गरिमा गुप्ता ने कहा कि यदि अब भी न्याय नहीं मिला तो महिलाएं आत्मरक्षा के लिए अस्त्र-शस्त्र उठाने को मजबूर होंगी।






