शिव गोरक्षा नादब्रह्मयोग शक्तिपीठरसीदपुर मोड़ पर गूंजे वेदों के मंत्र, 21 कुण्डीय महायज्ञ में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया पुण्य लाभ

आश्रम बना आत्मिक जागरण और सामाजिक समरसता का केंद्र

May 7, 2025 - 17:46
May 7, 2025 - 18:59
 0
शिव गोरक्षा नादब्रह्मयोग शक्तिपीठरसीदपुर मोड़ पर गूंजे वेदों के मंत्र, 21 कुण्डीय महायज्ञ में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया पुण्य लाभ

महुआ (अवधेश अवस्थी) महुआ विधानसभा क्षेत्र के रसीदपुर मोड़ स्थित-शिव गोरक्षा नाद ब्रह्मयोग शक्तिपीठ, रसीदपुर मोड़ एक बार फिर अध्यात्म, संस्कृति और सनातन परंपरा की दिव्य ऊर्जा से आलोकित हो उठा, जब मंगलवार को संपन्न महामृत्युंजय महाजप के पश्चात बुधवार सुबह 7:15 बजे से 21 कुण्डीय भव्य महायज्ञ का आयोजन विधिपूर्वक संपन्न हुआ। यह अनुपम आयोजन शक्तिपीठ के पीठाधीश्वर योगी नगेन्द्र औघड़नाथ के पावन सान्निध्य और उनके पूज्य माता-पिता बाबूलाल योगी (सेवानिवृत्त प्रिंसिपल) एवं माताजीलखपति देवी की संपूर्ण श्रद्धा से सम्पन्न कराया गया।

महायज्ञ में कुल 21 यजमानों सहित क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित जनों ने भाग लिया, और ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के साथ संपूर्ण वातावरण धर्ममय बन गया। इस यज्ञ का संचालन आचार्य रोहित (श्रीधाम वृंदावन) और उपाचार्य धनंजय महाराज (काशी) के वेदसम्मत नेतृत्व में हुआ।

इससे पूर्व 30 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ आरंभ हुए महामृत्युंजय महाजप ने न केवल धार्मिक चेतना को प्रज्ज्वलित किया, बल्कि श्रद्धा, लोक परंपरा और संस्कृति की जीवंत अभिव्यक्ति के रूप में पूरे उपखंड क्षेत्र को दिव्य वातावरण से ओतप्रोत कर दिया।

यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, ग्रहशांति, पितृमोक्ष, आरोग्यता और सामाजिक समरसता का जीवंत संदेश बन गया। संत-महात्माओं, धर्मप्रेमियों और आध्यात्मिक साधकों का आगमन लगातार जारी रहा, जिससे आयोजन की गरिमा और आध्यात्मिक ऊर्जा नई ऊंचाइयों को छूती रही।

महायज्ञ के समापन के पश्चात आश्रम परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर प्रभु कृपा का अनुभव किया। दूर-दराज से पधारे श्रद्धालुओं के साथ ही गणमान्य अतिथियों, पत्रकारों एवं समाजसेवियों का स्वागत पीठाधीश्वर योगी नगेन्द्र औघड़नाथ द्वारा भगवा शॉल, साफा व पारंपरिक सम्मान के साथ किया गया।

इस पावन अवसर पर डॉ. नरसीराम मीना, प्रेस क्लब महुवा के अध्यक्षगौपुत्र अवधेश अवस्थी, मेघराज नौरंगपुरा, मनोज खंडेलवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने इस दिव्य आयोजन के लिए योगी नगेन्द्र औघड़नाथ का आभार जताते हुए इसे धार्मिक नवचेतना का अनुपम संगम बताया। यह आयोजन न केवल क्षेत्र की धार्मिक धुरी बना, बल्कि आने वाले समय में सामाजिक-सांस्कृतिक चेतना का प्रेरक स्तंभ सिद्ध होगा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................