बिजली चोरी की वीसीआर की बकाया राशि जमा नहीं करने पर दो गिरफ्तार
बहरोड़ (मयंक जोशीला) बिजली चोरी निरोध पुलिस थाने ने बिजली चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। थाना अधिकारी अतर सिंह ने बिजली चोरी की वीसीआर की बकाया राशि जमा नहीं करने पर दो लोगों को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी ने बताया कि सहायक अभियंता सतर्कता बहरोड़ ने श्याम नगर कॉलोनी के राजपाल सोलंकी और गांव कांकरा-बर्डाेद के बुधराम चौधरी को बिजली चोरी करते पकड़ा था। राजपाल के घरेलू कनेक्शन पर 78,919 रुपए और बुधराम के ईंट भट्ठे पर 1,73,500 रुपए का जुर्माना लगाया गया था। जुर्माने की राशि जमा नहीं करने पर विद्युत चोरी निरोधक पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पहले भी बिजली चोरी करना स्वीकार किया। विद्युत निगम ने इनके खिलाफ पहले भी वीसीआर भरी थी। डीवाईएसपी अलवर हजारी लाल खटाना के निर्देशन में थाना अधिकारी अतर सिंह ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एडीजे नंबर 1 अलवर की अदालत में पेश किया। न्यायालय ने दोनों को एक-एक लाख रुपए के जमानती मुचलके पर रिहा कर दिया। थानाधिकारी ने बताया-विद्युत चोरी निरोधक पुलिस थाना बहरोड़ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रखेगा।


