नगरीय निकाय चुनाव:खैरथल-तिजारा में मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में रहेगा सार्वजनिक अवकाश
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। जिला प्रशासन ने जिले में होने जा रहे नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में मतदाताओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है। मतदान के दिन संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में नागरिकों को मताधिकार का प्रयोग करने में आसानी हो, इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर अतुल प्रकाश ने सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, चुनाव दो चरणों में संपन्न कराए जाएंगे:
-
पहला चरण (9 सितंबर, बुधवार): नगर परिषद खैरथल, तिजारा और भिवाड़ी में पार्षद/सदस्य पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। इस दिन इन तीनों क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
-
दूसरा चरण (11 सितंबर, शुक्रवार): नगरपालिका मुण्डावर, टपूकड़ा, कोटकासिम और किशनगढ़बास में मतदान होगा। इन क्षेत्रों में 11 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस अवकाश का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मतदाता काम या नौकरी के चलते अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे। अवकाश के दौरान संबंधित क्षेत्रों के सभी शासकीय, अर्ध-शासकीय कार्यालय, शिक्षण संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे, ताकि आमजन सुगमता से पोलिंग बूथ पहुंचकर मतदान कर सकें।

