कुंदकेश्वर महादेव मंदिर का स्थापना महोत्सव संपन्न, भक्ति गीतों पर झूमी महिलाएं, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
जयकारों के साथ हुई शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाबकुंदकेश्वर महादेव मंदिर में दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान संपन्न, महाप्रसादी व विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पाई प्रसादी
उदयपुरवाटी / सुमेर सिंह राव। कस्बे के वार्ड संख्या 33 स्थित जमात दादू मंदिर वाली गली में नवनिर्मित कुंदकेश्वर महादेव मंदिर का स्थापना एवं शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव शनिवार को पूरे श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हुआ। दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव के तहत मंदिर परिसर में विभिन्न वैदिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।
महोत्सव के प्रथम दिन शुक्रवार शाम 4 बजे विद्वान पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन किया गया। मुख्य आयोजन के तहत शनिवार सुबह 8 बजे कस्बे में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान डीजे की धुनों पर भक्ति गीत गाते और नृत्य करते हुए महिलाओं ने पूरे माहौल को शिवमय बना दिया।
शुभ मुहूर्त में विराजे शिव परिवार, विशाल भंडारे का आयोजन कलश यात्रा के पश्चात सुबह 10 बजे शुभ मुहूर्त में पूर्ण विधि-विधान के साथ शिव परिवार की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा एवं स्थापना की गई। अनुष्ठान के समापन पर सुबह 11 बजे से महाप्रसादी एवं विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें कस्बे के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। अंत में मंदिर के पुजारी तुलसीराम योगी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
ये रहे मौजूद इस धार्मिक आयोजन में पार्षद शिवदयाल स्वामी, पार्षद राहुल ओला, मुकेश वर्मा, निरंजन शर्मा, सुरेश कुमावत, प्रदीप बाटू, महेश कुमावत, रोहिताश कुमावत, हितेश शर्मा, सांवरमल दर्जी, विकास शर्मा, रणसिंह चौधरी, राजेंद्र जांगिड़, आशीष, अंकित जांगिड़, अनिल सैनी, चेतन गहलोत और बाबू सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं व पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।

