दिल्ली-जयपुर हाईवे पर काल बनकर दौड़ा ट्रेलर: थाने से शिकायत देकर लौट रही मां और दो मासूम बेटों को कुचला, तीनों की दर्दनाक मौत
हीरो चौक के पास हाईवे पार करते समय हुआ हादसा, तीनों ने मौके पर ही तोड़ा दम; शाहजहांपुर टोल के पास ट्रेलर छोड़कर फरार हुआ चालक
बहरोड़ (विष्णु मित्तल)। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नीमराना के हीरो चौक के पास सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। घर के विवाद के बाद थाने में शिकायत देकर अपने गांव लौट रही एक मां और उसके दो मासूम बेटों को सीमेंट के कट्टों से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर मौके पर जुटे राहगीरों की आंखें भी नम हो गईं।
थाने में शिकायत देकर गांव लौट रही थी महिला नीमराना थानाधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि मृतकों की पहचान दुघेड़ा गांव निवासी कविता देवी (30) पत्नी महेंद्र यादव और उनके दो मासूम बेटों कार्तिक (5) व भीम (3) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कविता का अपने पति महेंद्र से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी से परेशान होकर वह सोमवार सुबह करीब 10 बजे दोनों बच्चों को साथ लेकर पति की शिकायत दर्ज कराने नीमराना थाने पहुंची थीं। थाने में करीब 15 मिनट रुकने और अपनी शिकायत देने के बाद वह वापस गांव जाने के लिए निकली थीं।
डिवाइडर से उतरते ही काल बनकर आया ट्रेलर थाने से करीब 150 मीटर दूर जयपुर की ओर जाने के बाद कविता हाईवे के दूसरी तरफ से बस पकड़ने के लिए सड़क पार कर रही थीं। इस दौरान तीन वर्षीय छोटा बेटा भीम उनकी गोद में था, जबकि पांच वर्षीय बड़ा बेटा कार्तिक मां की अंगुली पकड़कर साथ चल रहा था। कविता ने जयपुर से दिल्ली जाने वाली लेन को सुरक्षित पार कर लिया था, लेकिन जैसे ही वह दिल्ली से जयपुर जाने वाली लेन को पार करने के लिए डिवाइडर से नीचे उतरीं, दिल्ली की तरफ से आ रहे सीमेंट से लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया।
शाहजहांपुर टोल के पास मिला ट्रेलर, चालक फरार सूचना मिलते ही नीमराना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर नीमराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मॉर्च्यूरी में रखवाया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से फरार हो गया और बाद में वाहन को शाहजहांपुर टोल प्लाजा के पास लावारिस हालत में छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और वाहन मालिक व फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
अस्पताल पहुंचे परिजन, पीहर पक्ष का इंतजार हादसे की सूचना मिलने पर मृतका के किसान पति महेंद्र यादव और ससुराल पक्ष के अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। बताया गया है कि महेंद्र और कविता की शादी करीब छह साल पहले हुई थी। पुलिस ने मृतका के पीहर पक्ष को भी घटना की सूचना दे दी है, जिनके पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

