सकराय धाम से 7 नवंबर 2027 को निकलेगी मां शाकम्भरी की 111 दिवसीय दिव्य गुणगान यात्रा
सकराय धाम से 7 नवंबर 2027 को निकलेगी मां शाकम्भरी की 111 दिवसीय दिव्य गुणगान यात्रादेश के विभिन्न राज्यों का भ्रमण कर वापस निज धाम लौटेगी यात्रा, महाबैठक व प्रेस वार्ता में हुई तिथि की घोषणा
उदयपुरवाटी / सुमेर सिंह राव। निकटवर्ती तीर्थ स्थल शाकंभरी सकराय धाम में रविवार को शाकम्भरी परिवार की ओर से आयोजित बैठक व प्रेस वार्ता में '111 दिवसीय दिव्य गुणगान यात्रा' की घोषणा की गई। यह भव्य यात्रा 7 नवंबर 2027 को मां के निज धाम सकराय (सीकर) से प्रारंभ होगी और देश के विभिन्न राज्यों व प्रमुख शहरों का भ्रमण करते हुए पुनः सकराय धाम पहुंचकर संपन्न होगी।
रविवार को परम पूज्य दयानाथ महाराज के सानिध्य में आयोजित प्रथम वृहद बैठक के दौरान यात्रा की शुभारंभ तिथि का विधिवत ऐलान किया गया। बैठक में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे करीब 100 श्रद्धालुओं और समाजबंधुओं ने इस धार्मिक अभियान में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
प्रवासी परिवारों और नई पीढ़ी को जोड़ना मुख्य उद्देश्य प्रेस वार्ता में कार्यक्रम संयोजक मोनू ढंढारिया और समिति सदस्यों ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य कुलदेवी मां शाकम्भरी की पावन ज्योत व महिमा को भारतवर्ष के कोने-कोने तक पहुंचाना है। विशेष रूप से राजस्थान से बाहर प्रवास कर रहे उन परिवारों को अपनी कुलदेवी व पावन धाम से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जो अपनी इस समृद्ध धार्मिक विरासत से दूर या अनभिज्ञ हैं। इसके साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति व परंपराओं से परिचित कराना भी अभियान का प्रमुख लक्ष्य है। इस आयोजन से सकराय धाम को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और तीर्थ यात्रियों का आवागमन भी बढ़ेगा।
देशभर के प्रतिनिधि रहे मौजूद बैठक में यात्रा की रूपरेखा, मार्ग, व्यवस्थापन और विभिन्न शहरों में होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर कोलकाता से मोनू ढंढारिया, बेगूसराय (बिहार) से ज्योति शर्मा, मुजफ्फरपुर से सौरव शाह व अभिषेक शाह, हैदराबाद से अभिलाष अग्रवाल, पटना से अंकित बागला, सीकर से मुकेश जोशी व महेश जोशी, जयपुर से राजेश अग्रवाल व बबन अग्रवाल तथा सेंधवा (मध्य प्रदेश) से अमित डांग्याच सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। शाकम्भरी परिवार ने देशभर के श्रद्धालुओं से इस पावन अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है।

