शिविरों के सफल क्रियान्वयन के लिए अधिकारी करें टीम भावना से कार्य - जिला कलक्टर
भरतपुर, 1 जुलाई (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाडा के शिविरों के सफल क्रियान्वयन एवं प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने जिले के सभी उपखण्ड के अधिकारियों को वीसी के माध्यम से सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को मौके पर लाभान्वित करने के निर्देश दिए। राज्य सरकार द्वारा संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाडा में सभी विभागों के अधिकारी टीम भावना से कार्य करें। उन्होंने कहा कि शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से व्यापक गतिविधियां संचालित कर जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन को लाभान्वित किया जाये।
उन्होंने शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को हरियालो राजस्थान अभियान के अन्तर्गत पौधारोपण कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिये। शिक्षा विभाग अपने जर्जर व क्षतिग्रस्त एवं अनुपयोगी भवनों की सूचना भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने समस्त ब्लॉक विकास अधिकारियों को अपने क्षेत्र की पेयजल टंकियों की साफ-सफाई करवाये जाने का भौतिक स्थानीय सरपंच के माध्यम से करवाये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जेजेएम के तहत खोदी गई सडकों की मरम्मत समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण करवाकर ग्रामपंचायत के माध्यम से कार्य की गुणवत्ता का सत्यापन करायें। उन्होंने नदबई व रूपवास के उपखण्ड अधिकारियों को अटल ज्ञान केन्द्र निमार्ण हेतु लक्ष्य निर्धारित कर प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्य, भूमि आवंटन प्रक्रिया गति लाने के निर्देश दिये। उन्होंने उपखण्ड अधिकारी, ब्लॉक विकास अधिकारी एवं सीएमएचओ को आपसी समन्वय कर पात्रजनों को यूडीआईडी कार्ड, पीएमजेवाई एवं प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के लम्बित प्रकरणों निस्तारित कर राहत प्रदान करने के निर्देश दिये।
उन्होंने शिविर में राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, ऊर्जा विभाग, जल संसाधन, कृषि, खाद्य, चिकित्सा, जनजाति क्षेत्रीय विकास, शिक्षा, स्वायत्त शासन सहित अन्य विभाग के अधिकारी पखवाडे के दौरान संचालित गतिविधियों कीं मॉनिटरिंग करते हुये आमजन को अधिकाधिक लाभान्वित के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनकल्याणकारी योजनाओं में प्रगति लाने के लिये नियमित अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बैठक करें। उन्होंने शिविरों की प्रतिदिन प्रगति सरकार द्वारा निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के लम्बित प्रकरणों का निस्तारण एवं नवीन पात्र परिवारों को जोडने, सदस्यों की आधार सीडिंग के कार्य में प्रगति लायें। पखवाडे के दौरान रास्तों, जल संरचनाओं से अतिक्रमण हटाने और लम्बित राजस्व प्रकरणों को निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविरों में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राजस्व विभाग द्वारा नामान्तकरण, सीमाज्ञान, पत्थरगढी, रास्ते के प्रकरण, आपसी सहमति से बंटवारा, विद्युत विभाग द्वारा झूलते तारों को खिंचवाना व पोल सही करवाना, पेड-पौधों की छंटाई, लीकेज एवं पाईपलाइन मरम्मत आदि कार्य सम्पादित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग द्वारा मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण, सूक्ष्म सिंचाई योजना में ऑनलाइन आवेदन में प्रगति करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी उपखण्ड अधिकारी एवं ब्लॉक विकास अधिकारी को निर्देश दिये कि एनएफएसए के तहत कोई वंचित नहीं रहे, पात्रजनों को शतप्रतिशत लाभान्वित किया जाये। उन्होंने खाद्य विभाग द्वारा एनएफएसए लंबित प्रकरणों का निस्तारण, चिकित्सा विभाग द्वारा टीबी रोगियों की पहचान कर पोषण किट वितरण करना, पशुपालन विभाग द्वारा लंपी रोग, गलघोंटू प्रतिरोधक टीकाकरण सहित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, उपखण्ड अधिकरी भरतपुर राजीव शर्मा, अधीक्षण अभियंता विद्युत रामहेत मीणा, एसीईओ विनय मित्र, सीएमएचओ गौरव कपूर, तहसीलदार भू-अभिलेख पायल जैन, तहसीलदार भरतपुर विनोद मीना सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

