पिकअप की टक्कर से युवक की मौत: एक युवक गंभीर घायल, ड्राइवर मौके से फरार
अलवर के बड़ौदामेव क्षेत्र में रविवार रात एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसा चिमनपुरा रोड पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क किनारे जा गिरे। इस घटना में एक युवक की जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है। पिकअप चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
बेकाबू पिकअप ने मारी टक्कर
पुलिस ने बताया-गोविंदगढ़ निवासी नारायण (पुत्र कबूलसिंह) अपने रिश्तेदार महेश (पुत्र समीर सिंह) के साथ बाइक पर चिमनपुरा जा रहे थे। रात करीब 8 बजे इमलाली से चिमनपुरा रोड पर सामने से आ रही एक बेकाबू पिकअप ने लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी।

एक युवक जयपुर रेफर
घटना के बाद परिजन घायलों को निजी वाहन से सानिया हॉस्पिटल ले गए। महेश की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घायल नारायण ने आज अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद बड़ौदामेव पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है।