झडाया में 17 जून से आयोजित होगा ऐतिहासिक 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ; आमंत्रण के लिए गुजरात दौरे पर निकला प्रतिनिधिमंडल, सूरत में हुआ भव्य स्वागत
उदयपुरवाटी (सुमेरसिंह राव)। उपखंड क्षेत्र के झडाया में आगामी 17 जून से 25 जून तक आयोजित होने वाले भव्य 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ की गूंज अब देश-विदेश में सुनाई देने लगी है। इस विशाल महायज्ञ के प्रचार-प्रसार और मारवाड़ी प्रवासियों को आमंत्रित करने के उद्देश्य से यज्ञ सेवा समिति का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल झडाया बालाजी मंदिर के महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री सीताराम दास जी महाराज के पावन सानिध्य में इन दिनों गुजरात के विशेष दौरे पर है।
दौरे के प्रथम चरण में गुजरात के सूरत शहर पहुंचने पर वहां रह रहे राजस्थानी प्रवासियों द्वारा प्रतिनिधिमंडल का दुपट्टा पहनाकर और पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया गया। सूरत में आयोजित भव्य स्वागत समारोह में अखिल भारतीय जांगिड़ समाज (गुजरात) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चंद जांगिड़, मनोज गोयल, दीपचंद गोयल, अनिल, सुनील, अमन गोयल, कैलाश, भंवरलाल, प्रमोद जांगिड़, कान सिंह और एकलिंग जांगिड़ सहित कई गणमान्य प्रवासियों ने महामंडलेश्वर श्री सीताराम दास महाराज एवं समिति के सदस्यों का भावभीना सम्मान किया।
- पीले चावल देकर मारवाड़ी प्रवासियों को दिया जा रहा न्योता:
यज्ञ सेवा समिति के अध्यक्ष मदनलाल भावरिया ने दूरभाष पर विशेष जानकारी देते हुए बताया कि सूरत का दौरा अत्यंत सफल रहा है। सूरत के बाद प्रतिनिधिमंडल का अगला पड़ाव भरूच या अहमदाबाद होगा। इस दौरे के दौरान गुजरात में रह रहे मारवाड़ी और राजस्थानी प्रवासियों को यज्ञ सेवा समिति की तरफ से पारंपरिक रूप से पीले चावल देकर महायज्ञ में शामिल होने का न्योता दिया जा रहा है। साथ ही विभिन्न स्थानों पर महायज्ञ के पोस्टर का विमोचन कर प्रवासियों को इस पावन आयोजन का साक्षी बनने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
गौरतलब है कि गुजरात के इस महत्वपूर्ण संगठन और जनसंपर्क दौरे पर गए प्रतिनिधिमंडल में झडाया बालाजी मंदिर के महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री सीताराम दास महाराज, समिति के अध्यक्ष मदनलाल भावरिया, महादेव जांगिड़ और गोविंद जांगिड़ सहित कई प्रमुख पदाधिकारी शामिल हैं। समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से भी इस ऐतिहासिक 108 कुंडीय महायज्ञ की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया है।


