स्वीप अभियान: दिल्ली एकेडमी स्कूल में स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश
मकराना / मोहम्मद शहजाद
स्वीप टीम के निर्देशन में मकराना स्थित दिल्ली एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्लोगन के माध्यम से मतदान के महत्व, निष्पक्ष चुनाव और लोकतंत्र में नागरिकों के कर्तव्यों को रेखांकित किया।
सृजनात्मक नारों से दी जागरूकता की प्रेरणा
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए 'मेरा वोट, मेरा अधिकार', 'लोकतंत्र की यही पहचान, शत-प्रतिशत हो मतदान' तथा 'पहले मतदान, फिर कोई काम' जैसे प्रेरणादायी नारों के जरिए जन-जागरूकता का संदेश दिया।
निकाय चुनाव 2026 के लिए दिलाया संकल्प
आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को संकल्प दिलाया गया कि वे अपने परिवार, रिश्तेदारों और आस-पड़ोस के लोगों को निर्भीक, स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे।
युवाओं की भागीदारी से मजबूत होगा लोकतंत्र
विद्यालय प्रशासन ने स्वीप अभियान के इस नवाचार की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और मजबूत लोकतंत्र की नींव में युवा मतदाताओं की जागरूक और सक्रिय भागीदारी सबसे अहम भूमिका निभाती है।

