लोकतंत्र के महापर्व में दिव्यांगों की भागीदारी: भरतपुर में निकाली गई दिव्यांग वाहन रैली, दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश
भरतपुर | 01 सितंबर (कौशलेंद्र दत्तात्रेय)
नगर निकाय आम चुनाव 2026 को समावेशी, उत्सवपूर्ण और सर्वव्यापी बनाने के उद्देश्य से स्वीप (SWEEP) कार्यक्रम के तहत मंगलवार को भरतपुर में मतदाता संवाद एवं भव्य दिव्यांग वाहन रैली का आयोजन किया गया। अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) राहुल सैनी ने कलेक्ट्रेट परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ट्राइसाइकिल व स्कूटी पर सवार होकर दिया जागरूकता का संदेश
रैली में जिला प्रशासन और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में विशेष योग्यजन मतदाताओं ने हिस्सा लिया। दिव्यांग मतदाता ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड रिक्शा और स्कूटी पर सवार होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरे। उन्होंने हाथों में स्लोगन पट्टिकाएं लेकर आमजन से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने और मतदान करने की अपील की।
हर मत महत्वपूर्ण, लोकतंत्र में दिव्यांगों की भी बराबर भागीदारी
अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर राहुल सैनी ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक का वोट बेहद कीमती है। इस आयोजन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को मतदान प्रक्रिया से पूर्ण रूप से जोड़ना और नगर निकाय चुनावों में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करना है।
विभिन्न निकाय क्षेत्रों में आयोजित हुए मतदाता संवाद
जिले के अलग-अलग नगर निकाय क्षेत्रों में मतदाता संवाद कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस दौरान आम नागरिकों को बिना किसी दबाव या लालच के निष्पक्ष, निर्भीक और जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

