नगर निकाय चुनाव 2026: पीठासीन अधिकारियों को मिला ईवीएम और मतदान प्रक्रिया का प्रशिक्षण, निष्पक्ष चुनाव कराने के सख्त निर्देश
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
नगर निकाय आम चुनाव 2026 को सुचारू, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए मतदान दलों के पीठासीन अधिकारियों (PRO) का प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को आयोजित किया गया। किशनगढ़ बास के बास कृपाल नगर स्थित राजकीय कृषि महाविद्यालय में आयोजित इस प्रशिक्षण में अधिकारियों को ईवीएम संचालन से लेकर मतदान प्रक्रिया की हर बारीकी की विस्तार से जानकारी दी गई।
ईवीएम सीलिंग और मतदान प्रक्रिया का मिला व्यावहारिक ज्ञान
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मतदान दिवस की तैयारियों, ईवीएम के सही संचालन, सीलिंग प्रक्रिया, मतदाताओं की पहचान और मतदान समाप्ति के बाद की कागजी व तकनीकी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान ट्रेनर्स ने पीठासीन अधिकारियों की शंकाओं का समाधान किया और निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और पीठासीन अधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने में मतदान दलों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है, इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि ईवीएम व अन्य निर्वाचन सामग्री के रख-रखाव और संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और राज्य निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवपाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष कुमार जाटव सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी एवं मतदान दलों के पीठासीन अधिकारी उपस्थित रहे।

