नारायणपुर पंचायत समिति चुनाव: 31 ने वापस लिए नाम, अब 17 वार्डों में 83 प्रत्याशी आमने-सामने
नारायणपुर (भारत कुमार शर्मा) नारायणपुर पंचायत समिति के 17 वार्डों के सदस्यों के लिए होने वाले आगामी चुनावों की तस्वीर नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद साफ हो गई है। सोमवार को नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने तक कुल 31 प्रत्याशियों ने अपने पर्चे वापस ले लिए, जिसके बाद अब चुनावी मैदान में कुल 83 प्रत्याशी शेष रह गए हैं।
निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित - रिटर्निंग अधिकारी सुरेन्द्र प्रसाद ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) के बाद कुल 114 प्रत्याशी चुनावी रेस में पात्र पाए गए थे। सोमवार को नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न (सिंबल) आवंटित कर दिए गए हैं।
प्रचार अभियान में आई तेजी- चुनाव चिह्न मिलते ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने जनसंपर्क और प्रचार अभियान तेज कर दिया है। 17 वार्डों में होने वाले इस मुकाबले को लेकर ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।
एक नजर में चुनावी आंकड़े:
- कुल वार्ड: 17
- जांच (स्क्रूटनी) के बाद पात्र: 114 प्रत्याशी
- नाम वापस लेने वाले: 31 प्रत्याशी
- मैदान में शेष: 83 प्रत्याशी

