श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेले में अखिल भारतीय कुश्ती दंगल का भव्य शुभारंभ
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला भरतपुर-2026 के तहत दशहरा पर्व पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले तीन दिवसीय अखिल भारतीय कुश्ती दंगल का शुभारंभ सोमवार को महाराजा सूरजमल कुश्ती स्टेडियम में हुआ। दंगल के पहले दिन ब्रज क्षेत्र सहित देश के विभिन्न जिलों से आए पहलवानों के बीच रोमांचक एवं कांटे के मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिताओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निगम महापौर अनुराधा सिंह ने हनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेला अधिकारी डॉ अरविंद सिंह चौधरी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीएम सिटी राहुल सैनी, पंचायत समिति सेवर के प्रधान प्रतिनिधि राजू ठेकेदार, बबलू कुरका, धीरेंद्र पाल उर्फ बिल्लू सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर मुकाबलों का शुभारंभ कराया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मंच संचालन चुन्नी कप्तान ने किया।
- वजन के बाद शुरू हुए मुकाबले
मेला अधिकारी ने बताया कि कुश्ती दंगल को निष्पक्ष एवं नियमानुसार संपन्न कराने के लिए सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहलवानों का आधिकारिक वजन किया गया। इसके बाद भार वर्ग निर्धारित कर दोपहर 1 बजे से मुकाबले शुरू किए गए, जो देर शाम तक चले।
- जसवंत बसंत एवं 57 किलोग्राम भार वर्ग में कड़े मुकाबले
50 किलोग्राम से कम भार वर्ग की जसवंत बसंत प्रतियोगिता के प्रथम दौर में विकास परमदरा ने सुमित हेलक, बेताल गुर्जर झज्जरपुरा ने महेश परमदरा, मोहित सैनी डीग ने अभी बांसरोली, गौरव बिश्नोई भीलवाड़ा ने कुन्नू नीमदा गेट, शिवम बिश्नोई भीलवाड़ा ने मोनू हेलक, दिनेश इकरन ने प्रियांशु अस्तावन, हितेश भरतपुर ने सोनू महुआ तथा सुमित डीग ने समीर मलाहा को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
57 किलोग्राम भार वर्ग के प्रथम दौर में हिमांशु सोलंकी भरतपुर ने शिवकुमार सुखावली, शिवा खटाना घसोला ने सचिन इकरन, नीरज हलेना ने भोलू बयाना, गणेश सिंह स्टेडियम भरतपुर ने जुगलेश चौहान भरतपुर, रोहित कुमार बयाना ने भानु प्रताप धाऊ पासा, करण महुआ ने शेरा बयाना तथा चंद्रवीर इकरन ने कपिल गुर्जर भरतपुर को हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
- जसवंत किशोर वर्ग में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच
जसवंत किशोर प्रतियोगिता के प्रथम दौर में मनन जाट अजमेर ने सचिन सिनसिनी, संदीप प्रजापत भीलवाड़ा ने मोहित डीग, ओम हरि एकेडमी भरतपुर ने कृष्णा स्टेडियम भरतपुर, माधव स्टेडियम भरतपुर ने भूरा चैनपुरा, लखन परमदरा ने संजू भरतपुर तथा सिद्धार्थ बिश्नोई और रिकी बिश्नोई भीलवाड़ा ने क्रमशः सौरभ मलाहा एवं मनीष सैनी डीग को पराजित किया।
- जिला केसरी के चार पहलवान सेमीफाइनल में पहुंचे
75 किलोग्राम से कम भार वर्ग की जिला केसरी प्रतियोगिता के दो दौर के मुकाबलों में पंकज परमदरा ने श्याम पथैना, सतवीर सह ने सोनू सोगर, दीपक नूरपुर ने कुशल पाल फुलवारा तथा रोहित नूरपुर ने श्यामवीर सातरुक को पराजित कर सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।
- निर्णायक मंडल एवं रेफरी टीम ने संभाली जिम्मेदारी
कुश्ती प्रतियोगिताओं को नियमानुसार एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए गठित निर्णायक मंडल में कोच जितेंद्र, तेजेंद्र उर्फ लाला पहलवान, सुरेश धोरमुई, गौतम, हरवीर तथा एनआईएस कोच अजमेर राम जाट शामिल रहे। वहीं मैट एवं अखाड़ा रेफरी के रूप में शारीरिक शिक्षक एवं व्याख्याता गंगा सिंह, भगवान सिंह तथा टिंकू खान ने मुकाबलों का संचालन किया।
इस अवसर पर कुश्ती दंगल उपसमिति के सचिव डॉ. पी.पी. सिंह, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. मनोज सिनसिनवार, मुकेश अग्रवाल, रविंद्र सिंह, नीतेश सहित पशुपालन विभाग के कार्मिक, खेल एवं सामाजिक जगत से जुड़े गणमान्यजन तथा बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी उपस्थित रहे।

