हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने माता शांकम्भरी के दरबार में नवाया शीश
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ स्थल सकरायधाम स्थित माता शाकम्भरी के दरबार में चल रहे गुप्त नवरात्र के पांचवें दिन रविवार को श्रद्धालुओं और विशिष्ट जनों का सैलाब उमड़ा। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री/वरिष्ठ नेता कविंदर गुप्ता सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों व राजनीतिज्ञों ने माता के दरबार में शीश नवाया।
- शतचंडी अनुष्ठान व रुद्राभिषेक से गूंजा धाम
धाम पहुंचने पर अंतरराष्ट्रीय ज्योतिषाचार्य केदार शर्मा एवं डॉ. सुमन शर्मा ने अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया। इसके बाद मदनमोहन मंदिर में चल रहे शतचंडी अनुष्ठान में पूजा-अर्चना करवाई गई। अतिथियों ने प्राचीन शिवालय में विशेष रुद्राभिषेक कर माता शाकम्भरी से देश व प्रदेश में सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में पुजारी पवन शर्मा, अंकित शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, विकास शर्मा और सज्जन शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न करवाई।
- कई वीआईपी हस्तियों ने लगाई हाजिरी
शतचंडी अनुष्ठान में पंडित केदार शर्मा, डॉ. सुमन शर्मा, जगदीश शास्त्री और महावीर प्रसाद शर्मा के आचार्यत्व में 31 विप्रजनों द्वारा विशेष पूजा करवाई गई। इसमें डीजीपी राजीव शर्मा, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, दौसा निवासी जज केशव कौशिक, विश्व हिंदू परिषद के कपिल खन्ना, वृंदा खन्ना, वीसी एनआर विश्नोई, व्यवसायी राजेश गुप्ता, अंतरराष्ट्रीय रामलीला समिति के उपाध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा, आईएबीएफ वाइस प्रेसिडेंट संजीव कुमार, चंदू शर्मा (बड़ागांव) तथा कविता कुमारी सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
- सुरक्षा व व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
वीआईपी मूवमेंट और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। इस दौरान सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत, एएसपी डॉ. तेजपाल, सीकर सिटी एडीएम भावना शर्मा, तहसीलदार भागीरथ यादव, सीआई सुरेन्द्र सिंह देगड़ा तथा शाकम्भरी चौकी प्रभारी अनिल मीणा सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।


