कोटा के दशहरा मैदान में जुटेगा देश का टेंट-इवेंट उद्योग: 16वें प्रांतीय महाधिवेशन और भव्य एग्जिबिशन की तैयारियां तेज
कोटा / राजस्थान
राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसाय समिति एवं कोटा टेंट डीलर्स समिति के तत्वाधान में आगामी 6, 7 और 8 सितंबर को कोटा के दशहरा मैदान प्रांगण में 16वां प्रांतीय महाधिवेशन एवं भव्य इवेंट व टेंट एग्जिबिशन आयोजित किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तरीय आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए मैदान में 100*200 वर्ग फीट के 18 विशाल वाटरप्रूफ जर्मन डोम लगाए जा रहे हैं। पूरे कोटा शहर को भव्य स्वागत द्वारों और रोशनी से सजाया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने लिया तैयारियों का जायजा
मीडिया प्रभारी विष्णु राठौर ने बताया कि जयपुर से राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसाय समिति के प्रदेश अध्यक्ष राज बिहारी शर्मा ने कोटा पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय समितियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोटा में आयोजित होने वाला यह महाधिवेशन पूरे देश में अपनी भव्यता और विशालता का परचम फहराएगा।
250 से अधिक स्टॉल्स और 20 हजार आगंतुक
हाड़ौती संभाग अध्यक्ष दीपक सिंघल ने बताया कि प्रदर्शनी में टेंट, कपड़ा, फ्लावर, लाइट, डीजे, इवेंट, एसएफएक्स, कैटरिंग और फर्नीचर आदि से जुड़े 250 से अधिक मैन्युफैक्चरर्स और व्यापारियों के स्टॉल्स बुक हो चुके हैं। इस आयोजन में देशभर से लगभग 20 हजार टेंट व्यवसायियों और प्रतिनिधियों के आने की संभावना है, जिनके ठहरने और भोजन की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
व्यापारिक समस्याओं पर मंथन और पर्यटन को बढ़ावा
महाधिवेशन के दौरान टेंट व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं, मांगों और हितों पर व्यापक चर्चा की जाएगी, जिसके बाद सरकार के समक्ष समाधान की पहल होगी। इसके अलावा, देशभर से आ रहे प्रतिनिधियों को हाड़ौती के पर्यटन—जैसे चंबल रिवर फ्रंट, ऑक्सीजन पार्क, गराडिया महादेव और मुकुंदरा टाइगर रिजर्व—से रूबरू कराया जाएगा ताकि कोटा के पर्यटन को राष्ट्रीय पहचान मिले।
इस दौरान कोटा अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, सचिव गुरमीत सिंह, कोषाध्यक्ष मोरवन अग्रवाल, उपाध्यक्ष रईस और रमेश गुप्ता सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

