कोटा में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर; 6 माह की गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत, 3 साल की बेटी घायल
कोटा / राजस्थान
शहर के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र के नॉर्दर्न बाइपास पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 महीने की गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 3 साल की मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
पिकअप ने पीछे से मारी टक्कर
एएसआई अब्दुल लतीफ ने बताया कि हादसे में गामछ निवासी मोना (28) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पति दयाराम (30) ने आरोप लगाया है कि पिकअप का ड्राइवर नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था।
दयाराम ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि बुधवार शाम वह अपनी पत्नी मोना और 3 साल की बेटी के साथ बाइक पर सवार होकर सब्जी खरीदने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क पर गिरी महिला, पिकअप घसीटते हुए आगे निकली
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोना बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरी। आरोप है कि अनियंत्रित पिकअप सड़क पर गिरी महिला को कुचलते हुए काफी दूर तक घसीटते हुए आगे निकल गई। हादसे में मोना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं उनकी छोटी बेटी भी मामूली रूप से चोटिल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार पिकअप ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

