बावड़ी व हतुंडी पंचायत समिति चुनाव: नाम वापसी के बाद 98 प्रत्याशी मैदान में, भाजपा-कांग्रेस में सीधा मुकाबला
बावड़ी (जोधपुर/ मिश्रीलाल लखारा) राजस्थान पंचायती राज चुनाव-2026 के तहत बावड़ी एवं हतुंडी पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर सामने आ गई है। दोनों पंचायत समितियों के 15-15 वार्डों में अब कुल 98 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। इनमें बावड़ी पंचायत समिति के 53 और हतुंडी पंचायत समिति के 45 प्रत्याशी शामिल हैं। दोनों पंचायत समितियों की अंतिम पार्टीवार स्थिति देखें तो भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के 30-30 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के 25 प्रत्याशी तथा 13 निर्दलीय प्रत्याशी मुकाबले में हैं। इस तरह भाजपा और कांग्रेस दोनों ने दोनों पंचायत समितियों के सभी 30 वार्डों में अपने-अपने प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि आरएलपी 25 वार्डों में चुनाव लड़ रही है।बावड़ी पंचायत समिति में नामांकन पत्रों की जांच के बाद 71 प्रत्याशियों के आवेदन सही पाए गए थे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 53 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। इनमें भाजपा के 15, कांग्रेस के 15, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के 12 और 11 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। यानी जांच के बाद सही पाए गए प्रत्याशियों में से 18 ने अपना नाम वापस लिया। बावड़ी में सबसे अधिक प्रत्याशी वार्ड संख्या 2 में हैं, जहां सात प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा।
वार्ड 4 में पांच प्रत्याशी, वार्ड 1 और 6 में चार-चार, जबकि वार्ड 3, 5 और 7 से 15 तक अधिकांश वार्डों में तीन-तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं हतुंडी पंचायत समिति में नामांकन जांच के बाद 49 प्रत्याशियों के आवेदन सही पाए गए थे। नाम वापसी के बाद अब 45 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें भाजपा के 15, कांग्रेस के 15, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के 13 तथा दो निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। इस प्रकार हतुंडी में चार प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया।
दोनों पंचायत समितियों को मिलाकर नामांकन जांच के बाद 120 प्रत्याशियों के आवेदन सही पाए गए थे, लेकिन नाम वापसी के बाद यह संख्या घटकर 98 रह गई है। यानी कुल 22 प्रत्याशी चुनावी मैदान से हट गए। इनमें बावड़ी से 18 और हतुंडी से चार प्रत्याशी शामिल हैं।नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए हैं। अंतिम सूचियों में भाजपा को कमल, कांग्रेस को हाथ और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को बोतल चुनाव चिन्ह दर्शाया गया है। निर्दलीय प्रत्याशियों को अलग-अलग चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए हैं।

