स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान महाअभियान में सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ
बावड़ी (जोधपुर/ मिश्रीलाल लखारा) बावड़ी उपखंड के रामधाम खेडापा में आयोजित चिकित्सा एवं सेवा कार्यक्रम के दौरान नेचुरोपैथी चिकित्सा में 400 रोगियों, नेत्र रोग चिकित्सा में 300 रोगियों तथा एलोपैथिक चिकित्सा में 500 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा परामर्श किया गया।
नेत्र चिकित्सा के दौरान जांच किए गए मरीजों में से 36 मरीजों को आंखों में लेंस प्रत्यारोपण हेतु ऑपरेशन के लिए रामधाम खेडापा से आगे उपचार के लिए भेजा गया। साथ ही, इस सेवा महाअभियान में 311 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। रक्तदाताओं के इस उत्साह और सेवाभाव से रक्तदान अभियान को विशेष सफलता मिली। सुमित्रा सेवा संस्थान व दामोदर सेवा संस्थान का सहयोग रहा ।
चिकित्सा सेवा, नेत्र सेवा एवं रक्तदान के माध्यम से यह आयोजन मानव सेवा और परोपकार की एक प्रेरणादायी मिसाल बना। रामधाम खेडापा में आचार्य महाप्रभु श्री पुरुषोत्तमदास जी महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया
रामधाम खेडापा में आचार्य महाप्रभु श्री पुरुषोत्तमदास जी महाराज के पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर संत-महात्माओं एवं महापुरुषों का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ।
जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित सत्संग में संतों एवं महापुरुषों ने गुरु महिमा, सत्संग, सेवा, सदाचार एवं प्रभु भक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। संतवाणी और आध्यात्मिक विचारों से उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए तथा पूरे रामधाम का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तजन उपस्थित रहे और आचार्य महाप्रभु श्री पुरुषोत्तमदास जी महाराज के चरणों में श्रद्धा एवं भक्ति भाव से नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सत्संग, संत-सान्निध्य और सेवा की त्रिवेणी से सजा यह पावन जन्मोत्सव सभी भक्तों के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा एवं आनंद का अवसर बना।

