वर्षा प्रभाव की समीक्षा हेतु भारतीय खाद्य निगम (FCI) की विशेष समिति ने सांडेराव, तखतगढ़ एवं सुमेरपुर खरीद केन्द्रों का किया सघन निरीक्षण
पाली (बरकत खान) भारतीय खाद्य निगम (FCI), मंडल कार्यालय अजमेर के मंडल प्रबंधक राकेश कुमार के निर्देशानुसार हाल ही में हुई वर्षा के प्रभाव का आकलन करने हेतु गठित एक विशेष समिति द्वारा जिला पाली के प्रमुख खरीद केन्द्रों—सांडेराव, तखतगढ़ एवं सुमेरपुर का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
गठित उच्चस्तरीय समिति में कालूराम मीणा (प्रबंधक-गुणवत्ता नियंत्रण), गोविंदराम गुसाईवाल (प्रबंधक-सामान्य), रिंकू खटूमारा (प्रबंधक-आगार) तथा हंसराज जाजोरिया (प्रबंधक-गुणवत्ता नियंत्रण) शामिल रहे। समिति ने सभी केंद्रों पर पहुंचकर भंडारित खाद्यान्न, बारदाना की उपलब्धता, तिरपाल व्यवस्था, जल निकासी व्यवस्था एवं वर्षा से सुरक्षा हेतु किए गए प्रबंधों का सघन निरीक्षण किया।
वैज्ञानिक भंडारण और त्वरित उठाव के निर्देश
निरीक्षण के दौरान समिति ने पाया कि खरीद केन्द्रों पर खाद्यान्न संरक्षण हेतु आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं, तथापि वर्तमान मौसम की अनिश्चितताओं को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतना आवश्यक है। समिति द्वारा केंद्र प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि:
-
समस्त खाद्यान्न को पूर्ण रूप से एवं वैज्ञानिक तरीके से तिरपालों द्वारा ढककर रखा जाए।
-
नमी अथवा वर्षा जनित क्षति की संभावना को शून्य करने के लिए नियमित अंतराल पर स्टॉक की निगरानी की जाए।
-
खुले में भंडारित स्टॉक की अवधि कम करने के लिए खाद्यान्न के शीघ्र उठाव की प्रक्रिया में और अधिक तेजी लाई जाए।
निगम के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रबंधकों के मुख्य वक्तव्य:
राकेश कुमार, मंडल प्रबंधक (FCI, मंडल कार्यालय अजमेर) का कहना है कि- "भारतीय खाद्य निगम किसानों से खरीदे गए प्रत्येक दाने के संरक्षण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। वर्षा के मौसम को देखते हुए खाद्यान्न संरक्षण संबंधी सभी व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा की जाए तथा उठाव कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।"
-
कालूराम मीणा, प्रबंधक (गुणवत्ता नियंत्रण): "खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं सुरक्षा भारतीय खाद्य निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी केन्द्रों पर गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है तथा मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है।"
-
गोविंदराम गुसाईवाल, प्रबंधक (सामान्य): "केंद्रों पर उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का प्रभावी उपयोग करते हुए खाद्यान्न संरक्षण के सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारियां रखी गई हैं।"
-
रिंकू खटूमरा, प्रबंधक (आगार): "भंडारण एवं उठाव कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। खाद्यान्न के सुरक्षित संरक्षण के साथ-साथ उठाव प्रक्रिया को द्रुत गति से संचालित करने के लिए संबंधित पक्षों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।"
-
हंसराज जाजोरिया, प्रबंधक (गुणवत्ता नियंत्रण): "वर्षा ऋतु के मद्देनजर सभी केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है तथा खाद्यान्न की गुणवत्ता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है।"


