उदयपुरवाटी में नांगल नदी के तट पर होगा रावण दहन, 31 फीट ऊंचे पुतले और भव्य आतिशबाजी का रहेगा विशेष आकर्षण
उदयपुरवाटी (सुमेरसिंह राव): कस्बे में विजयदशमी का पर्व आज हर्षोल्लास और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर नांगल नदी के पास रावण दहन का मुख्य आयोजन किया जाएगा, जहाँ 31 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस बार का आयोजन कई मायनों में खास रहने वाला है, जिसमें इस वर्ष की भव्य और आकर्षक आतिशबाजी दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगी।
- धनुष-बाण से होगा रावण का वध
परंपरागत तरीके से मनाए जाने वाले इस विजयदशमी उत्सव में रावण का वध आधुनिक तौर-तरीकों से हटकर पारंपरिक धनुष-बाण द्वारा किया जाएगा, जो दर्शकों में विशेष रोमांच पैदा करेगा।
- माथुर परिवार की वर्षों पुरानी परंपरा
उदयपुरवाटी में रावण का पुतला तैयार करने की परंपरा को माथुर परिवार कई दशकों से निभाता आ रहा है। इस वर्ष भी परिवार के कुशल कारीगर संदीप माथुर, पिंटू माथुर, कैलाश माथुर और सोनू माथुर ने मिलकर इस विशाल पुतले को बेहद खूबसूरती से तैयार किया है। कारीगरों द्वारा पुतले के अंदर आतिशबाजी की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे दहन के समय अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। प्रशासन और आयोजकों की ओर से कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, और भारी संख्या में दर्शकों के जुटने की संभावना है।

