किसान के बेटे ने रचा सफलता का इतिहास, पांचवें प्रयास में नीट में मिली कामयाबी
सिणधरी (बरकत खान) बालोतरा जिले के ऐड सिणधरी निवासी हनुमान राम चौधरी पुत्र अचला राम चौधरी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट में शानदार सफलता हासिल करते हुए चिकित्सा शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। हनुमान राम की ऑल इंडिया रैंक 23,150 तथा कैटेगरी रैंक 11,061 आई है। पांचवें प्रयास में मिली इस सफलता ने उनके संघर्ष, धैर्य और मेहनत को नई पहचान दी है।
हनुमान राम ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद मां सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिणधरी से बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने नीट परीक्षा की तैयारी के लिए सीकर का रुख किया और वहां रहकर लगातार मेहनत की। कई असफलताओं के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अंततः अपने लक्ष्य को हासिल कर लिया।
मिडिया से बातचीत में हनुमान राम ने बताया कि उनके पिता अचला राम चौधरी, जो एक सामान्य कृषक हैं, हमेशा चाहते थे कि वे डॉक्टर बनें। उन्होंने बताया कि उनके पिता स्वयं पढ़-लिखकर आगे बढ़ना चाहते थे, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उनका सपना अधूरा रह गया। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे को डॉक्टर बनाने का संकल्प लिया। हनुमान राम ने कहा कि उनकी यह सफलता केवल उनकी नहीं, बल्कि उनके पिता के वर्षों पुराने सपने की भी जीत है।


