जूसरी के श्री राधा माधव मंदिर में धूमधाम से लगा अन्नकूट भोग; महाआरती व भजन-कीर्तन में उमड़े श्रद्धालु, प्रवासी बंधुओं ने भी की शिरकत
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। निकटवर्ती ग्राम जूसरी स्थित श्री राधा माधव मंदिर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान श्री राधा माधव का आकर्षक शृंगार कर विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात अन्नकूट का भोग लगाया गया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर को फूलों और रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया। भजन-कीर्तन की मधुर स्वरलहरियों के बीच श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन किए और क्षेत्र में सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ बाहर से आए प्रवासी बंधुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस धार्मिक आयोजन में सोमेश्वर काबरा (नासिक), किशन काबरा (नासिक), महेश काबरा (जूसरी), राधेश्याम काबरा, महेंद्र काबरा (जूसरी), आनंद काबरा (नांदेड़), प्रदीप काबरा (कुचामन), प्रमोद जी गुरुजी, रामेश्वर जी रूठला, सुरेश मूंदड़ा (परबतसर), सचिन (नासिक) तथा गोविंद (नासिक) सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। महाआरती के उपरांत सभी भक्तों को अन्नकूट की प्रसादी वितरित की गई।

