PHED पाइपलाइन लीकेज, दुकानों में पानी घुसा:व्यापार मंडल ने उपखंड अधिकारी को सौंपी शिकायत, विभाग पर लापरवाही के लगाए आरोप
पहाड़ी कस्बे में पीएचईडी विभाग की पाइपलाइन से पानी लीकेज होने के कारण दुकानों में पानी घुस गया। यह घटना तहसील की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर नानगा मेंबर मार्केट से पुराने हॉस्पिटल चौराहे तक हुई।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों का आरोप है कि पीएचईडी की पाइपलाइन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त है। इसकी शिकायतें विभाग को कई बार मौखिक और अन्य माध्यमों से दी गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पाइपलाइन लीकेज से मुख्य सड़क मार्ग पर कीचड़, जलभराव और गड्ढों की समस्या बनी हुई है। इससे आमजन, राहगीरों और व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। वाहनों को भी आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या के समाधान के लिए आज व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा ने पहाड़ी उपखंड अधिकारी मुकुल दीक्षित को लिखित शिकायत सौंपी।
शिकायत में संबंधित पीएचईडी विभाग के अधिकारियों से तत्काल मरम्मत कराने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को शीघ्र बदलवाने ताकि दोबारा लीकेज न हो, और सड़क व्यवस्था को ठीक कराने की मांग की गई है।
व्यापार मंडल ने यह भी आरोप लगाया है कि लीकेज पाइपलाइनों में दूषित पानी बहकर पेयजल आपूर्ति में मिल रहा है। इससे आमजन को गंभीर बीमारियों का खतरा है, लेकिन विभाग इस पर मौन है।