एनआई. एक्ट के संबंध में महुवा में विशेष लोक अदालत का हुआ आयोजन
महुवा (अवधेश अवस्थी) महुवा तालुका विधिक सेवा समिति, महुवा द्वारा न्यायालय परिसर में शनिवार को एन.आई. एक्ट के लंबित प्रकरणों के संबंध में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसमें बेंच के अध्यक्ष लोकेश कुमार मीना, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, महुवा एवं सदस्य धीरज सिंह गुर्जर, अधिवक्ता, बार संघ, महुवा रहे।
इस लोक अदालत में महुवा ब्लॉक की भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, दौसा क्षेत्रीय सहकारी बैंक, श्रीराम फाइनेंस कंपनी आदि से संबंधित प्री-लिटिगेशन एवं लंबित प्रकरणों का राजीनामे के माध्यम से निस्तारण किया गया तथा ₹10,17,730/- (दस लाख सत्रह हजार सात सौ तीस रुपये) की वसूली की गई।
इस अवसर पर एडवोकेट अशोक वशिष्ठ द्वारा महुवा स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी एवं एडवोकेट हरिसिंह मीना द्वारा पंजाब नेशनल बैंक, महुवा, एडवोकेट अब्दुल हई खान (एसबीआई, महुवा) तथा एडवोकेट प्रीतम चंद सैनी द्वारा दौसा क्षेत्रीय सहकारी बैंक, महुवा की ओर से पैरवी की गई। साथ ही इस अवसर पर महुवा मुख्यालय स्थित न्यायालय के कर्मचारीगण ने भी बढ़-चढ़कर लोक अदालत के कार्य का निष्पादन किया।


