पुलिस और गौरक्षक दल का आधी रात को संयुक्त एक्शन: गोकशी के लिए ले जाई जा रही 3 गायें कराईं मुक्त, तस्कर फरार
रामगढ़ (अलवर) | राधेश्याम गेरा
रामगढ़ क्षेत्र में आधी रात को गौरक्षक दल और बगड़ तिराहा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गोतस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया। पुलिस के सहयोग से गौरक्षकों ने गोकशी के लिए ले जाई जा रही तीन गायों को सकुशल मुक्त कराकर सुधा सागर गौशाला पहुँचाया है।
गुप्त सूचना पर आधी रात को शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
रामगढ़ गौरक्षक दल के यतिन दत्त ने बताया कि रात के समय उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ गो-तस्कर जंगल के रास्ते गोवंश को गोकशी के उद्देश्य से ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही गौरक्षक दल के सदस्य तुरंत बगड़ तिराहा पहुँचे और बगड़ तिराहा पुलिस चौकी/थाना को पूरे मामले से अवगत कराया।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागे तस्कर
सूचना की गंभीरता को देखते हुए बगड़ थाना पुलिस के एएसआई पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे और गौरक्षकों की टीम के साथ तस्करों का पीछा शुरू किया। पुलिस और गौरक्षकों की घेराबंदी देख गो-तस्कर पकड़े जाने के डर से तीनों गोवंश को वहीं छोड़कर घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।
सुधा सागर गौशाला पहुँचाए गए गोवंश
मौके से छुड़ाए गए तीनों गोवंश को सुरक्षित सुधा सागर गौशाला भिजवा दिया गया है। इस दौरान बगड़ थाना पुलिस टीम के साथ गौरक्षक दल के यतिन दत्त, राजेश सैनी, मोहित खटीक, खिल्ला यादव और हेमंत उर्फ चोटी सहित अन्य युवा मौजूद रहे। पुलिस अब फरार तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।

