सिरोही के रामझरोखा मैदान में गरबा रास बना श्रद्धा और भक्ति का विराट संगम, उमड़ा जनसैलाब
जगदम्बे नवयुवक मंडल के 54वें नवरात्रि महोत्सव के सातवें दिन थिरके कदम, 200 से अधिक प्रतिभागी हुए पुरस्कृत
• सोमवार को अष्टमी पर सजेगा विशेष दरबार: 1008 दीपकों से होगी महाआरती और लगेगा 5पन भोग का महाभोग
सिरोही / रमेश सुथार
जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक रामझरोखा मैदान में स्थानीय सांस्कृतिक धरोहर को सहेज रहे जगदम्बे नवयुवक मंडल के तत्वावधान में चल रहे 54वें नवरात्रि महोत्सव की रौनक परवान पर है। पर्व के सातवें दिन मंद-मंद गुलाबी ठंड और धवल सतरंगी चांदनी रात के बीच महिलाओं, युवतियों, बच्चों और युवाओं ने माता भगवती की भक्ति में लीन होकर जमकर गरबा नृत्य किया। इस दौरान पूरा गरबा पंडाल अपने पूरे यौवन और उत्साह से सराबोर नजर आया।
पारंपरिक नृत्यों और गीतों पर झूमे खेलेया
मंडल के संरक्षक लोकेश खंडेलवाल ने बताया कि शनिवार देर रात तक चले गरबा आयोजन में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले करीब 200 माताओं, बहनों और बच्चों को जगदम्बे मंडल की ओर से आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। गरबा रास के दौरान युवाओं ने सुख-सौभाग्य की कामना के साथ माँ अम्बे की आराधना की। सतरंगी छटाओं से सजे पंडाल में गूंजती गरबा गीतों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालुओं ने दो ताली, तीन ताली, रीमिक्स, गलगोटा, टीटोडा, राजस्थानी, भांगड़ा और सनेडो जैसी विविध लोक संस्कृतियों से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।
इस दौरान कार्यक्रम में एडवोकेट राजेंद्रपूरी, संजय अग्रवाल, मुकेश सोनी, विनायक हॉस्पिटल के पटेल, पार्षद पूनम प्रजापत और अनिल प्रजापत आदि अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिनका मंडल की ओर से भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का आकर्षक संचालन गिरीश सगरवंशी ने किया।
अष्टमी पर होंगे भव्य धार्मिक अनुष्ठान
मंडल के मुख्य संरक्षक सुरेश सगरवंशी ने जानकारी दी कि सोमवार को नवरात्रि की महाअष्टमी के पावन अवसर पर रामझरोखा मैदान परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे:
-
दिवसीय अनुष्ठान: दिन के समय सर्वमंगल की कामना के साथ होमाष्टमी हवन और कन्या पूजन के अनुष्ठान संपन्न होंगे।
-
भव्य महाआरती: रात्रि 9 बजे संपूर्ण रामझरोखा मैदान की विद्युत लाइटें बंद कर 1008 दीपकों के साथ श्रद्धालु हाथों में दीपक थामकर भव्य महाआरती करेंगे।
-
छप्पन भोग: इस अवसर पर माता को छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया जाएगा।
मंडल ने समस्त नगरवासियों और धर्मप्रेमी सज्जनों से इन आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

