आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकारी-नौकरी का झांसा देकर ठगी का प्रयास
संगठन सदस्य बनाने के नाम पर मांगे पैसे, पीड़ितों ने विधायक से की शिकायत
डीग (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) डीग जिले के कुम्हेर इलाके में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से ठगी के प्रयास का मामला सामने आया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने डीग-कुम्हेर विधायक शैलेश सिंह से इसकी शिकायत की है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को व्यक्ति रात में फोन कर एक संगठन में सदस्य बनाने का लालच देकर पैसे मांग रहा है। साथ ही वह सरकारी नौकरी लगवाने का भी झांसा दे रहा है। इसके कारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अब व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करवाना चाहती हैं।
संगठन में पद देने के बदले मांगे पैसे - डीग जिले में कुम्हेर इलाके के गांव पेंघोर में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पिंकी ने डीग कुम्हेर विधायक शैलेश सिंह से शिकायत करते हुए बताया कि मेरे पास 16 अगस्त की रात छोटीलाल बुनकर नाम के व्यक्ति वॉट्सऐप पर फोन आया था। उसने खुद को अखिल राजस्थान महिला एवं बाल विकास संयुक्त कर्मचारी संघ का संरक्षक बताया। उसने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से उसका पता पूछा और कहा की मैं तुम्हें संगठन में कुम्हेर का अध्यक्ष बना दूंगा। इसके लिए आपको मुझे 100 रुपए देने होंगे।
सरकारी नौकरी लगवाने का भी दिया लालच - आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उसे ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद छोटीलाल बुनकर ने कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को फोन किए। वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को फोन कर उन्हें प्रलोभन देकर ठगी करने की कोशिश कर रहा है। फोन करने वाला व्यक्ति सरकारी नौकरी लगवाने का प्रलोभन दे रहा है। इसके साथ ही वह सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर दबाव बना रहा है कि वह लूपिन संस्था और CDPO कार्यालय की शिकायत अधिकारियों से करें। जबकि हमें किसी की शिकायत नहीं करनी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कर रही क़ानूनी कार्रवाई की मांग - आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि हमें परियोजना में प्राप्त बजट के अनुसार मानदेय दिया जा रहा है। इसलिए सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चाहती हैं कि फोन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ क़ानूनी कार्रवाई की जाए। वह रात में फोन कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को धमकाता है।


